Bokaro News: मोती दिखाकर सुख-शांति का झांसा, महिला से सोने के गहने ठगने वाला गिरफ्तार

आरोपी इस्लाम सहारनपुर गिरफ्तार।

बोकारो: जरीडीह थाना क्षेत्र में मोती दिखाकर घर में सुख-शांति और धन प्राप्ति का झांसा देकर महिला से सोने की चेन और कान के टॉप्स ठगने का मामला सामने आया है। घटना 13 सितंबर की दोपहर करीब 1:15 बजे की है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, जैना पंचायत निवासी लालचंद महतो की फुआ सुमिता देवी बांधगोड़ा साइड स्थित अपने घर से पड़ोसी के यहां जा रही थीं। इसी दौरान दो व्यक्ति उनके पास पहुंचे और मोती जैसा पत्थर दिखाकर कहा कि इसे धारण करने से घर के दोष, बीमारी और परेशानियां दूर हो जाएंगी तथा धन की प्राप्ति होगी। आरोपियों ने महिला को विश्वास में लेकर गले की चेन और कान के टॉप्स जमीन पर रखने तथा आंखें बंद कर ‘ॐ’ का उच्चारण करने को कहा।

महिला के आंखें बंद करते ही दोनों आरोपी चेन और टॉप्स लेकर भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर उनके भतीजे लालचंद महतो ने पीछा कर जैनामोड़ शराब दुकान के पास बाइक पर पीछे बैठे एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा बाइक लेकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नानौता थाना क्षेत्र के कुतुबपुर निवासी करीब 44 वर्षीय इस्लाम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपी का नाम असगर अली बताया गया है। उसके साथ आबिद, अख्तर अली और आजाद उर्फ गेंडा उर्फ एजाज के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। मामले में जरीडीह थाना कांड संख्या 152/26 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से सोने जैसी दिखने वाली पतली चेन, एक जोड़ी कान के टॉप्स और सफेद डिब्बे में रखा सफेद रंग का मोती बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में छत्तीसगढ़ के बस्तर, दुमका टाउन थाना और चास थाना क्षेत्र में भी मामले दर्ज हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More