Sahebganj News: त्योहारों पर लगा झटका, रेलवे ने रद्द की सूरत-मालदा टाउन स्पेशल ट्रेन

साहिबगंज: काली पूजा और दशहरा पर घर लौटने का प्लान बना रहे हैं तो ये खबर आपके लिए है। रेलवे ने सूरत से मालदा के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन की चार यात्राओं को रद्द कर दिया है।
क्या है कारण?
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उत्तर मध्य रेलवे के बीना-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी सेक्शन के अगासोद स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग का बड़ा काम चल रहा है। इस काम के लिए ट्रैक पर मेगा ब्लॉक लिया गया है। यह ब्लॉक 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस कारण इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों को या तो रद्द किया गया है या उनके रूट बदले गए हैं।
कौन-कौन सी तारीख को रहेगी ट्रेन रद्द?
इस कार्य के कारण सबसे ज्यादा असर साहिबगंज होकर गुजरने वाली 09033 / 09034 उधना (सूरत) – मालदा टाउन स्पेशल पर पड़ा है। बता दें कि यह ट्रेन सूरत से हर बुधवार को चलती है। इसकी 24 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 की यात्रा पूरी तरह से रद्द रहेगी।जबकि 09034 मालदा टाउन से उधना (सूरत) जाने वाली स्पेशल ट्रेन मालदा से हर शनिवार को खुलती है। इसकी 27 सितंबर और 4 अक्टूबर 2026 की यात्रा रद्द रहेगी।
यात्रियों पर क्या होगा असर?
उल्लेखनीय है कि उधना-मालदा स्पेशल ट्रेन सूरत, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में काम करने वाले बंगाल, बिहार और झारखंड के हजारों श्रमिकों और यात्रियों के लिए लाइफलाइन है। पूजा के ठीक पहले ये ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। टिकट पहले से बुक करा चुके यात्रियों को अब वैकल्पिक ट्रेनों में जगह देखनी होगी।
रेलवे की अपील
रेल प्रशासन ने कहा है कि यात्री यात्रा शुरू करने से पहले आईआरटीसी वेबसाइट एनटीएस, ऐप या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति जरूर देख लें। रद्द ट्रेनों का पूरा किराया बिना किसी कटौती के वापस कर दिया जाएगा।
