Koderma News: 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की चेतावनी, मांगें न मानी तो 28 सितंबर से अनिश्चितकालीन

कोडरमा एंबुलेंस कर्मचारी प्रदर्शन।

कोडरमा: झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर 28 सितंबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। संघ ने राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन सरकारी स्तर पर सिविल सर्जन के माध्यम से कराने, कर्मचारियों के नियमित वेतन भुगतान, श्रमिक एवं वैधानिक अधिकार सुनिश्चित करने तथा सम्मान फाउंडेशन द्वारा हटाए गए कर्मचारियों को संबंधित जिलों में पुन: बहाल करने की मांग की है।

संघ का कहना है कि एनएचएम के छह अगस्त 2026 के निर्देश के बावजूद जिला स्तर पर 108 सेवा के संचालन को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसको लेकर संघ की ओर से 24 अगस्त, 27 अगस्त और दो सितंबर को स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजे गए थे। संघ ने वर्तमान टेंडर प्रक्रिया को निरस्त कर सिविल सर्जनों के माध्यम से सेवा संचालित करने की मांग की थी।

निजी कंपनियों के संचालन पर सवाल

संघ ने आरोप लगाया कि निजी कंपनियों को एंबुलेंस संचालन के लिए राशि उपलब्ध कराने के बावजूद वाहनों के रखरखाव, ईंधन और कर्मचारियों के नियमित वेतन जैसी व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से सुनिश्चित नहीं हो रही हैं। संघ का दावा है कि सिविल सर्जन के माध्यम से सरकारी स्तर पर सेवा संचालित करने से कर्मचारियों के अधिकार सुरक्षित होने के साथ सरकारी राशि की भी बचत हो सकती है।

चरणबद्ध आंदोलन का कार्यक्रम

संघ की नौ सितंबर को हुई राज्यस्तरीय बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की गई। इसके तहत 14 से 19 सितंबर तक कर्मचारी काली पट्टी लगाकर काम करेंगे। 19 सितंबर को कैंडल मार्च, 21 सितंबर को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष भिक्षाटन और 23 सितंबर को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, 25 सितंबर को रांची में एकदिवसीय पूर्ण हड़ताल कर एनएचएम कार्यालय, नामकुम के समक्ष धरना दिया जाएगा। इसके बाद मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर 28 सितंबर से राज्यभर में 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल और विरोध-प्रदर्शन शुरू करेंगे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More