मालदा: गंगा में डूब रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को BSF ने बचाया, 30 दिन के नवजात की भी बचाई जान
मालदा: मालदा जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों की सतर्कता, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से गंगा नदी में डूब रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों की जान बच गई। घटना मालदा के खान्दुआ सीमा चौकी के पास की है। बचाए गए लोगों में तीन बच्चे, तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं।
नदी में डूबते लोगों को देखकर शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
मालदा सेक्टर मुख्यालय के अंतर्गत 71वीं बटालियन के जवानों ने गंगा नदी में कुछ लोगों को डूबते हुए देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने बिना देर किए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। जवानों की त्वरित कार्रवाई से नदी में फंसे सभी 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
30 दिन के नवजात की हालत थी गंभीर
बचाए गए लोगों में महज 30 दिन का एक नवजात शिशु भी शामिल था। नदी से बाहर निकालने के बाद बच्चे की हालत बेहद गंभीर थी। BSF जवानों ने तुरंत बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया और उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
समय पर इलाज मिलने के बाद नवजात की हालत में सुधार हुआ। उपचार के बाद बच्चे को अस्पताल से सुरक्षित छुट्टी दे दी गई।
आवश्यक औपचारिकताओं के बाद BGB को सौंपे गए
बचाए गए सभी 10 बांग्लादेशी नागरिकों के संबंध में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद उन्हें बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हवाले कर दिया गया।
पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में BSF जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के साथ उनकी मानवीय संवेदनशीलता भी देखने को मिली।
