नेपाल में बाढ़ का कहर: बुनियादी ढांचे को 172 अरब नेपाली रुपये से ज्यादा का नुकसान, पुनर्निर्माण में 473 अरब की जरूरत

काठमांडू: नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है। सरकार की ओर से गठित टीम की ‘रसुवा-भोटेकोशी बाढ़ 2083: त्वरित क्षति एवं आवश्यकता आकलन’ रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ से अकेले बुनियादी ढांचे को 172.34 अरब नेपाली रुपये का नुकसान हुआ है। क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए करीब 473.57 अरब नेपाली रुपये की आवश्यकता का अनुमान लगाया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, ऊर्जा क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। जलविद्युत परियोजनाओं और ट्रांसमिशन लाइनों को मिलाकर इस क्षेत्र में करीब 134.69 अरब रुपये का नुकसान हुआ है। इनके पुनर्निर्माण के लिए करीब 390 अरब रुपये की जरूरत होगी। वहीं, नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे को करीब 56 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है।
बाढ़ से सड़कों को करीब 22 अरब रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि इनके पुनर्निर्माण के लिए 55.18 अरब रुपये से अधिक की आवश्यकता होगी। इसी तरह, पुलों को 11.35 अरब रुपये का नुकसान हुआ है और इनके पुनर्निर्माण पर करीब 18.06 अरब रुपये खर्च होने का अनुमान है।
दूरसंचार क्षेत्र में करीब 62 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसके पुनर्निर्माण के लिए लगभग 1 अरब रुपये की जरूरत होगी। वहीं, जलापूर्ति और स्वच्छता से जुड़े बुनियादी ढांचे को 1.38 अरब रुपये, जबकि सिंचाई संरचनाओं को 1.64 अरब रुपये का नुकसान पहुंचा है।
मकान, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाएं भी प्रभावित
बाढ़ में निजी और सरकारी मकानों के अलावा स्कूलों, स्वास्थ्य चौकियों तथा सांस्कृतिक संरचनाओं को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इन सभी को मिलाकर करीब 67.84 अरब रुपये की क्षति का अनुमान है। इन सुविधाओं के पुनर्निर्माण के लिए लगभग 100 अरब रुपये की आवश्यकता होगी।
सरकार के आकलन के अनुसार, बाढ़ से नेपाल में कुल 274.48 अरब नेपाली रुपये का भौतिक नुकसान हुआ है। सभी क्षतिग्रस्त संरचनाओं के पुनर्निर्माण के लिए करीब 723.31 अरब नेपाली रुपये की जरूरत होगी।
रिपोर्ट में बताया गया है कि कुल पुनर्निर्माण राशि में से करीब 9 अरब रुपये पहले छह महीनों के तत्काल राहत और पुनर्प्राप्ति कार्यक्रम के लिए आवश्यक होंगे। शेष राशि का इस्तेमाल दीर्घकालीन पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों में किया जाएगा।
