Hazaribagh News: कटकमदाग में नमो फुटबॉल टूर्नामेंट संपन्न, पुरुष वर्ग में नवादा बनी विजेता

कटकमदाग में नमो फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ जश्न मनाते नवादा टीम के खिलाड़ी।

हजारीबाग: लोकसभा क्षेत्र के सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कटकमदाग प्रखंड क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव-2026 के तहत आयोजित नमो फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में खेला गया। टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें खेल और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिला।

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में नवादा की टीम ने फतहा की टीम को 2-0 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में जमुआरी की टीम विजेता बनी। दोनों वर्गों के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।

फाइनल मुकाबले का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने किया। वहीं समापन समारोह में प्रसिद्ध समाजसेवी श्रद्धानंद सिंह एवं भाजपा के कार्यकर्ताओं ने विजेता टीमों और खिलाड़ियों के बीच पुरस्कार वितरण किया।

फाइनल मुकाबला समाप्त होने के बाद मैदान में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण भी जीत की खुशी में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और नाच-गाने के साथ ग्रामीणों ने खिलाड़ियों के साथ खुशी मनाई। विजेता टीमों के हाथों में ट्रॉफी और ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी पूरे आयोजन को यादगार बना रही थी।

आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में खेल की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि युवा खेल के मैदान से जुड़े रहेंगे तो वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ा सकेंगे। ग्रामीण स्तर से खेल की शुरुआत करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे चलकर अपने माता-पिता, क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष श्रीमती रेणुका साहू, जिला सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, सांसद सह-प्रतिनिधि इंद्रनारायण कुशवाहा, जिला परिषद सदस्य जीतन राम, सदर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के.पी. ओझा, मंडल अध्यक्ष विमल गुप्ता, जिला महामंत्री जय नारायण कुशवाहा, कटकमदाग सांसद प्रतिनिधि मिथिलेश यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण राणा, नमो फुटबॉल अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता, नमो फुटबॉल सांसद प्रतिनिधि बंटी तिवारी, नमो फुटबॉल सचिव दीपक पंडित, उपाध्यक्ष धीरज राणा, कोषाध्यक्ष जगन्नाथ प्रजापति, मुखिया राजेश गुप्ता, पूर्व प्रमुख अशोक यादव सहित कविंदर यादव, सुनील यादव, कल्लू राम, धीरज कुमार, रंजीत कुमार, धनेश्वर गुप्ता, सिद्धार्थ कुमार, संदीप कुमार, पीयूष राणा, धनेश्वर कुमार, प्रमोद गुप्ता, निर्मल प्रजापति, सुरेश गोप, भुवनेश्वर प्रसाद, महेश प्रसाद, मनीष कुमार और अमन गुप्ता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

आयोजकों ने दोनों वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन के माध्यम से नशा मुक्त हजारीबाग और नशा मुक्त भारत का संदेश दिया गया।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More