Hazaribagh News: पीएम मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान

हजारीबाग भाजपा प्रेस कॉन्फ्रेंस।

हजारीबाग: भाजपा जिला कार्यालय कालीबाड़ी में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक प्रदीप प्रसाद और जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले के सभी मंडलों और बूथ स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के जनसेवा और सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ आम लोगों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ना है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाकर होगी। बूथों के अलावा घरों, दुकानों और कार्यालयों में भी दीप प्रज्वलित कर सेवा एवं विकास के संकल्प को मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित कर माताओं, बच्चों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के साथ पोषण, स्वास्थ्य और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने कहा कि एक माह तक चलने वाले अभियान के दौरान करीब 25 प्रमुख सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी। इनमें सेवा ज्योति यात्रा, महा रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर, अंगदान संकल्प, अनाथालय व वृद्धाश्रम में सेवा, पौधारोपण, स्वच्छता एवं जल संरक्षण अभियान शामिल हैं। इसके अलावा नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, डिजिटल साक्षरता, दिव्यांगजन सहयोग, फिट इंडिया गतिविधियों तथा वीर सैनिकों के सम्मान जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अभियान को केवल पार्टी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों से भी इसमें सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला महामंत्री जयनारायण कुशवाहा ने विषय प्रवेश कराया। इस अवसर पर कार्यालय प्रभारी विवेक सिंह, दीपक मेहता, सुमित लाहेरी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More