Koderma News: ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन के एनएसएस शिविर के पांचवें दिन एड्स जागरूकता रैली

कोडरमा: ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-1 द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वयंसेवकों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
शिविर के प्रथम सत्र में स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय सेवा योजना का लक्ष्य गीत गाया तथा जुंबा एक्सरसाइज का अभ्यास किया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने गांव में एड्स जागरूकता रैली निकाली एवं स्वयंसेवक अनिल कुमार ने ग्रामीणों को एड्स के कारण, बचाव एवं सावधानियों के प्रति जागरूक किया।
शिविर के अंतर्गत गांव के बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके पश्चात महात्मा गांधी समूह के स्वयंसेवकों द्वारा तैयार किए गए भोजन का सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से आनंद लिया।
शिविर के द्वितीय सत्र में स्वयंसेवकों ने गांव के बच्चों से पेंटिंग एवं कला-शिल्प से संबंधित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों को करवाया तथा बच्चों को इन गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मोहित कुमार तिवारी, डी.एल.एड. विभागाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह एवं सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहे। शिविर की समस्त सामाजिक गतिविधियां एवं अन्य क्रियाकलाप जिला नोडल सह कार्यक्रम पदाधिकारी सौरभ शर्मा की देखरेख में संपन्न हुए।
