Koderma News: तिलैया के असनाबाद में दुकानदार पर चाकू से हमला, सदर अस्पताल में भर्ती

कोडरमा: तिलैया थाना क्षेत्र के असनाबाद में रविवार दोपहर एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में असनाबाद निवासी इम्तियाज अहमद उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक अचानक इम्तियाज की दुकान से बाहर निकलकर भागने लगा। उसके कुछ ही क्षण बाद इम्तियाज भी लहूलुहान अवस्था में दुकान से बाहर निकला और उक्त युवक का पीछा करने लगा। दुकान से कुछ दूर सड़क पर पहुंचते ही इम्तियाज गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल इम्तियाज को संभाला और निजी वाहन से सदर अस्पताल भेजा। बताया गया कि वाहन में बैठाते समय घायल इम्तियाज ने बताया कि गौरव कुमार नामक युवक ने उस पर चाकू से हमला किया है। घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल और इम्तियाज की दुकान के आसपास छानबीन की।
इस दौरान दुकान के पास एक प्लास्टिक में नए मोबाइल फोन का डिब्बा और उससे संबंधित रसीद बरामद हुई। रसीद पर असनाबाद निवासी गौरव कुमार सिंह का नाम अंकित बताया गया है। पुलिस को दुकान के काउंटर से गौरव कुमार सिंह के नाम का आधार कार्ड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी मिली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है, वहीं आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है।
