Dhanbad News: BBMKU में आउटसोर्सिंग टेंडर के विरोध में आजसू छात्र संघ ने किया कुलपति का पुतला दहन

धनबाद: शनिवार को आजसू छात्र संघ के द्वारा बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) के कुलपति का पुतला दहन कर विश्वविद्यालय प्रशासन की नीतियों एवं MTS सहित विभिन्न पदों के लिए जारी मैनपावर आउटसोर्सिंग टेंडर का विरोध किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व आजसू छात्र संघ के प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने किया।
पुतला दहन कार्यक्रम के बाद प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन पर कमीशन के खेल और निजी स्वार्थ को प्राथमिकता देने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय छात्र, युवा एवं उद्यमियों के हितों की अनदेखी करते हुए ऐसी टेंडर शर्तें लागू की जा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं व्यवसाय के अवसर सीमित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसका ताजा उदाहरण विश्वविद्यालय द्वारा MTS सहित विभिन्न पदों के लिए निकाला गया मैनपावर आउटसोर्सिंग टेंडर है। टेंडर की तकनीकी बिड में ऐसी कई शर्तें रखी गई हैं, जो अनावश्यक रूप से स्थानीय एवं छोटे सेवा प्रदाताओं के लिए बाधा उत्पन्न करती हैं। इससे निविदा में प्रतिस्पर्धा कम होगी और इसका सीधा लाभ बड़ी कंपनियों को मिलने की संभावना है।
समान अवसर एवं स्थानीय हितों की रक्षा के लिए आजसू छात्र संघ ने निम्न तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—
- MSME एवं पात्र स्थानीय संस्थाओं को निर्धारित छूट का लाभ मिले
सरकारी प्रावधानों तथा झारखंड हाईकोर्ट के संबंधित आदेश/निर्णयों के अनुरूप MSME एवं पात्र संस्थाओं को टर्नओवर, अनुभव एवं अन्य पात्रता शर्तों में मिलने वाली छूट का लाभ दिया जाए, ताकि स्थानीय एवं छोटे उद्यम भी GeM निविदा में समान रूप से भाग ले सकें।
- ₹6 करोड़ की निविदा में ₹20 करोड़ का टर्नओवर मानदंड हटाया जाए
लगभग ₹6 करोड़ मूल्य की निविदा के लिए ₹20 करोड़ का टर्नओवर निर्धारित करना छोटे एवं स्थानीय सेवा प्रदाताओं को निविदा प्रक्रिया से बाहर करने वाला अनुचित एवं अत्यधिक कठोर प्रावधान है। इस शर्त को तत्काल संशोधित कर स्थानीय संस्थाओं को भी प्रतिस्पर्धा का समान अवसर दिया जाए।
इतने अधिक टर्नओवर की शर्त निर्धारित किए जाने से यह गंभीर आशंका उत्पन्न होती है कि बड़ी बाहरी कंपनियों को लाभ पहुँचाने तथा प्रतिस्पर्धा सीमित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसलिए इस शर्त की निष्पक्ष समीक्षा आवश्यक है।
- पूरे MTS टेंडर में PASARA लाइसेंस की अनिवार्यता समाप्त की जाए
PASARA लाइसेंस निजी सुरक्षा सेवाओं/सुरक्षा गार्ड से संबंधित आवश्यकता है, जबकि उक्त निविदा में MTS एवं अन्य नॉन-टीचिंग स्टाफ के बड़ी संख्या में पद शामिल हैं, जिनका कार्य अकादमिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों से संबंधित है।
ऐसी स्थिति में पूरे MTS टेंडर में PASARA लाइसेंस को अनिवार्य करना उचित नहीं है। इसकी अनिवार्यता केवल उन पदों तक सीमित की जाए, जिनका कार्य वास्तव में निजी सुरक्षा सेवा से संबंधित है।
स्थानीयों को अवसर से वंचित करने का आरोप
विशाल महतो ने कहा कि टेंडर की इन शर्तों के कारण स्थानीय सेवा प्रदाताओं, उद्यमियों एवं युवाओं के अवसर प्रभावित हो रहे हैं, जबकि बड़ी बाहरी कंपनियों को लाभ मिलने की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि आजसू छात्र संघ किसी भी ऐसी प्रक्रिया को स्वीकार नहीं करेगा, जिसमें स्थानीय हितों की अनदेखी हो।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि टेंडर की विवादित शर्तों की तत्काल समीक्षा कर उन्हें संशोधित किया जाए, स्थानीय एवं पात्र संस्थाओं को समान अवसर दिया जाए तथा पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से जाँच सुनिश्चित की जाए।
आजसू छात्र संघ ने स्पष्ट किया कि यदि इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थानीय छात्रों, युवाओं एवं उद्यमियों के हित में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। आज महामहिम राज्यपाल महोदय को पत्राचार भी किया गया है साथ ही लीगल नोटिस भी किया गया।
इस कार्यक्रम में : प्रदेश सचिव नितेश महतो, छात्र नेता रौनक कुमार, विवेक महतो, प्रेम पांडेय, राज हाजरा, सुदामा महतो, कबीर यदुवंशी, गौतम धीबर, भोला पासवान, राजकुमार महतो, अजय रविदास, उत्तम महतो, आकाश शर्मा, चिंटू गोप, बिजय महतो, धर्मेंद्र महतो, निकेत सिंह, संदीप कुमार, गौतम कुमार आदि सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
