Sahebganj News: जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार ने किया तीन प्रमुख विद्यालयों का औचक निरीक्षण

साहिबगंज: जिले में शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। उन्होंने जिले के तीन प्रमुख विद्यालयों- मध्य विद्यालय समदा, उत्क्रमित उच्च विद्यालय सकरीगली तथा जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, सकरीगली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सिर्फ कागजों तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि सीधे क्लास रूम में पहुंच गए। उन्होंने पठन-पाठन की गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति और शिक्षकों की समयबद्धता की जांच की। विभिन्न कक्षाओं में जाकर उन्होंने खुद बच्चों से सवाल-जवाब किया और पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली। मिड-डे मील की गुणवत्ता, रसोई घर की साफ-सफाई और शौचालयों की स्थिति का भी बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही विद्यालय परिसर की स्वच्छता और समग्र शैक्षणिक माहौल का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी शिक्षकों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाना सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में केवल पाठ्यक्रम पूरा करना ही हमारा उद्देश्य नहीं है, बल्कि बच्चों के लिए एक ऐसा माहौल तैयार करना है जहां वे अनुशासित और सकारात्मक सोच के साथ सीख सकें। गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक मिड-डे मील मिलना चाहिए और परिसर में साफ-सफाई हर हाल में बेहतर होनी चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करने और समयबद्ध, प्रभावी शिक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीईओ ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और स्वच्छता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। उनके इस औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और यह संदेश गया है कि अब विद्यालयों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
