Sahebganj News: राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल से जिले में करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित

फाइल फोटो

साहिबगंज: देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर शुक्रवार को साहिबगंज में भी देखने को मिला। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर हुई एक दिवसीय हड़ताल में सार्वजनिक क्षेत्र, निजी क्षेत्र और ग्रामीण बैंकों के करीब 2 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। हड़ताल के कारण जिले की अधिकांश बैंक शाखाओं में ताले लटके रहे और करोड़ों का लेन-देन प्रभावित हुआ। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के अनुसार, हड़ताल के कारण साहिबगंज जिले में अकेले लगभग 100 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन प्रभावित हुए हैं, जबकि देशभर में करीब 50 हजार करोड़ के कारोबार पर असर पड़ा है।

शुक्रवार को सुबह से ही जिले की बैंक शाखाओं में सन्नाटा पसरा रहा। नकद जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, आर टीजीएस/एनईएफटी, लोन से जुड़े काम समेत सभी नियमित बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप्प रहीं। कई ग्राहक बैंक पहुंचे लेकिन शटर बंद देखकर मायूस होकर वापस लौट गए। कारोबारियों को भी अपने जरूरी भुगतान अगले कार्य दिवस तक टालने पड़े। हालांकि डिजिटल सेवाओं से लोगों को कुछ राहत मिली। एटीएम और मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग जैसी ऑनलाइन सेवाएं चालू रहीं, लेकिन शाखा स्तर पर जिन कामों के लिए कर्मचारियों की मौजूदगी जरूरी है, वे पूरी तरह बाधित रहे।

ग्राहकों की परेशानी अभी और बढ़ने वाली है। शुक्रवार को हड़ताल के बाद शनिवार को दूसरे शनिवार का अवकाश और रविवार को साप्ताहिक छुट्टी होने के कारण बैंक लगातार तीन दिन तक बंद रहेंगे। अब लोगों को अपने जरूरी कामों के लिए अगले कार्य दिवस तक इंतजार करना पड़ेगा।

यूनियनों ने बताया कि यह हड़ताल कई लंबित मांगों को लेकर की गई है। प्रमुख मांगों में सप्ताह में 5 दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, सभी को समान पेंशन भुगतान आईडीबीआई बैंक के निजीकरण पर रोक लगाना, बैंकों में रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति और प्रमोशन, पेंशन से जुड़ी अन्य मांगें शामिल हैं। यूनियन नेताओं का कहना है कि इन मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार से आग्रह किया जा रहा था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण हड़ताल का आह्वान करना पड़ा।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More