Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती ने चुरचू प्रखंड में विद्यालय व स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

हजारीबाग/चुरचू: उपायुक्त हेमंत सती ने आज चुरचू प्रखंड के भ्रमण के क्रम में विभिन्न सरकारी संस्थानों, विद्यालयों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं संचालित कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा संस्थानों की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
नव प्राथमिक विद्यालय चानो-2 का निरीक्षण
चुरचू प्रखंड जाने के क्रम में उपायुक्त हेमंत सती ने सदर प्रखंड अंतर्गत नव प्राथमिक विद्यालय, चानो-2 में रुककर विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति की जानकारी प्रधानाध्यापक से ली। प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में कुल 45 विद्यार्थी नामांकित हैं। उपायुक्त ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर बच्चों की उपस्थिति, पोशाक, मध्याह्न भोजन की स्थिति एवं शिक्षकों की उपस्थिति पंजी की जांच की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके पठन-पाठन एवं विषय संबंधी जानकारी भी ली। उपायुक्त ने प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्राथमिक विद्यालय सीतागढ़ा का निरीक्षण
आगे भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने प्राथमिक विद्यालय, सीतागढ़ा का भी निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर में संचालित वीएचएसएनडी (Village Health, Sanitation and Nutrition Day) कार्यक्रम एवं टीकाकरण की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने दवाइयों एवं टीकाकरण से संबंधित जानकारी सेविका एवं सहायिका से प्राप्त की।
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त विद्यालय की कार्यप्रणाली एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सुबानी रुंडा की कार्यकुशलता एवं कर्तव्यनिष्ठा से प्रभावित हुए। विद्यालय की ओर से बताया गया कि रुंडा द्वारा विद्यार्थियों को गणित सहित अन्य विषयों की जानकारी सरल एवं नवाचारपूर्ण तरीकों से दी जाती रही है, जिससे बच्चों की पठन-पाठन क्षमता विकसित करने में मदद मिली है।
विद्यालय भवन की साफ-सफाई एवं मरम्मत के संबंध में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक ने बताया कि सखिया पंचायत के मुखिया इम्तियाज आलम के सहयोग से विद्यालय में कई आवश्यक कार्य कराए गए हैं। उपायुक्त ने सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की तथा उन्हें आगे भी समाज एवं विद्यार्थियों के हित में अपना अनुभव साझा करने के लिए प्रेरित किया।
चुरचू प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण
चुरचू प्रखंड पहुंचने पर उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने संपूर्ण भवन एवं परिसर का अवलोकन करते हुए परिसर में अधिष्ठापित सोलर लाइट की क्रियाशीलता की जांच की। उन्होंने कार्यरत होमगार्ड जवानों की संख्या की जानकारी प्राप्त की तथा प्रखंड में संचालित एसआईआर कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। उपायुक्त ने अंचल कार्यालय परिसर में स्थित पुराने भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही परिसर की सुंदरता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक स्थानों पर पौधरोपण कराने को कहा। उन्होंने पंचायत भवन का भी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चुरचू का निरीक्षण
भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चुरचू का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में डीएमएफटी के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाइयों की सूची हिंदी में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले मरीजों को उपलब्ध दवाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी कक्ष, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन कक्ष, जांच घर, महिला वार्ड, पुरुष वार्ड सहित पूरे परिसर का निरीक्षण किया। नवनिर्मित जांच घर के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने यहां की जा रही जांचों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि जांच घर में मलेरिया, टाइफाइड एवं टीबी सहित विभिन्न जांच की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि केंद्र में प्रतिमाह लगभग 30 प्रसव होते हैं तथा वर्तमान में गायनी चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं। उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं एवं क्रियाशीलता पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा बायोमेडिकल वेस्ट के समुचित एवं व्यापक प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।
पीएम श्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, चुरचू का निरीक्षण
उपायुक्त ने चुरचू प्रखंड भ्रमण के दौरान पीएम श्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से विज्ञान विषय से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक समझ एवं तैयारी का जायजा लिया। उपायुक्त ने विद्यार्थियों को पूर्व के लगभग 10 वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल करने का सुझाव दिया, ताकि परीक्षा की बेहतर तैयारी हो सके और विद्यालय के परीक्षा परिणाम में सुधार आए।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि कक्षा 10वीं में कुल 105 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कम उपस्थिति के कारणों की जानकारी ली तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने विद्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए परिसर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रधानाध्यापक से कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि एवं परीक्षा परिणाम में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इसके अलावा उपायुक्त ने परिसर में झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत निर्माणाधीन अतिरिक्त कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में प्रयुक्त बालू, ईंट एवं अन्य सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा शिथिलता नहीं बरतने का स्पष्ट निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र एवं प्रखंड स्तर के कार्यालय आमजनों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोपयोगी बनाया जाना आवश्यक है। इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस सह चुरचू अंचलाधिकारी पूर्वा अग्रवाल एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित राम मौजूद थे।
