Hazaribagh News: गिद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 12 घंटे के भीतर नाबालिग को किया बरामद

हज़ारीबाग़: गिद्दी थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के अंदर उसे सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की के गुम होने को लेकर उसके परिजनों की ओर से गिद्दी थाना में आवेदन दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिद्दी थाना प्रभारी ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। आवेदन के आधार पर गिद्दी थाना कांड संख्या 30/26, दिनांक 11 सितंबर 2026, के तहत धारा 137(2)/96 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से नाबालिग लड़की की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने उसे पटना जिले के ग्राम महुवाबाग, जगदेव पथ के निकट, रूपसपुर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस ने नाबालिग लड़की को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत किया। उसका बयान बाल कल्याण समिति (CWC) एवं न्यायालय में दर्ज कराया गया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए नाबालिग लड़की को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
