Hazaribagh News: एसपी अमन कुमार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व जवानों को किया सम्मानित

(हजारीबाग पुलिस सम्मान समारोह)

हजारीबाग: जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, कुख्यात आपराधिक गिरोहों के खिलाफ सफल अभियानों और जन-सेवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान SP अमन कुमार (IPS) ने अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियानों में अदम्य साहस, धैर्य और निष्ठा दिखाने वाले पुलिस अधिकारियों व जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

  1. संगठित आपराधिक गिरोहों (प्रिंस खान एवं राहुल दुबे गैंग) से मुठभेड़
    जिले में कुख्यात प्रिंस खान और राहुल दुबे गैंग के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने लगातार कार्रवाई की है:

30 जुलाई 2026 (बड़कागांव मुठभेड़): प्रिंस खान गैंग के हथियारबंद अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने वाली टीम को सम्मानित किया गया। इसमें बड़कागांव SDPO अमित आनंद (IPS), सदर SDPO रूपक कुमार सिंह, विष्णुगढ़ SDPO पूजन आनंद, बड़कागांव अंचल निरीक्षक शाहिद रज़ा समेत थाना प्रभारियों और तकनीकी शाखा के जवानों को प्रशस्ति पत्र मिला।
08 अगस्त 2026 (बड़कागांव मुठभेड़): राहुल दुबे/प्रिंस खान गैंग के अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ में हथियार समेत अपराधी को दबोचने पर पुलिस टीम को सराहा गया।
24 जुलाई 2026 (केरेडारी मुठभेड़): केरेडारी थाना क्षेत्र में राहुल दुबे गैंग के अपराधी को मुठभेड़ के दौरान असलहे के साथ गिरफ्तार करने वाली टीम को सम्मानित किया गया।

  1. CEIR पोर्टल से 326 से अधिक गुम व चोरी मोबाइल बरामद
    तकनीकी संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों को राहत पहुंचाई है:

अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार के नेतृत्व में जनवरी से अगस्त 2026 के बीच 326 गुम या चोरी हुए मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाए गए। इस अभियान में साइबर थाना में कार्यरत पु०अ०नि० दीपक कुमार (326 मोबाइल) तथा कोर्रा थाना प्रभारी पु०अ०नि० नेमधारी रजक (58 मोबाइल बरामदगी) की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

  1. छिनतई करने वाले ‘कोड़ा गिरोह’ के 8 अपराधी गिरफ्तार

लोहसिंहधना थाना क्षेत्र में सक्रिय छिनतई करने वाले ‘कोड़ा गिरोह’ के 8 अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से छीने गए सोने के आभूषण, अपराध में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और सामान बरामद करने वाली टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस टीम में सदर SDPO रूपक कुमार, DSP (CCRO) अरमानुल हक, सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक और लोहसिंहधना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा शामिल रहे।

  1. सेवानिवृत्त शिक्षक पर गोलीबारी मामले का त्वरित उद्भेदन

पदमा ओपी क्षेत्र में 08 सितंबर 2026 को एक सेवानिवृत्त शिक्षक को गोली मारकर घायल करने की घटना का हजारीबाग पुलिस ने त्वरित उद्भेदन किया। मामले में आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार करने में बरही SDPO राधा प्रेम किशोर, बरही अंचल निरीक्षक अनिल कुमार और पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार की टीम को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।

  1. बरही अनुमंडल में नशा विरोधी जागरूकता अभियान

युवाओं और छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए बरही अनुमंडल के स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का सफलतापूर्वक संचालन करने के लिए बरही SDPO राधा प्रेम किशोर, महिला थाना प्रभारी कुमारी राधा रागिनी, बरकट्टा थाना प्रभारी आशीष भगत और गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन को सम्मानित किया गया।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More