Koderma News: सेक्रेड हार्ट स्कूल के 60 विद्यार्थियों ने जापान ऑन कैनवास प्रतियोगिता में दिखाया हुनर

कोडरमा: रंगों की दुनिया में जब कल्पना को उड़ान मिलती है, तो कैनवास पर केवल चित्र नहीं बनते, बल्कि बच्चों के सपने, भावनाएं और उनकी सोच जीवंत हो उठती है। कुछ ऐसा ही रचनात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला सेक्रेड हार्ट स्कूल, झुमरी तिलैया में, जहां एक्सपीरियंस जापान द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की जापान ऑन कैनवास चित्रकला प्रतियोगिता 2026 में विद्यालय के 60 चयनित विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और सृजनात्मक सोच को रंगों के माध्यम से कैनवास पर उतारा। किसी ने अपनी कल्पना को आकर्षक रंगों से सजाया तो किसी ने अपनी भावनाओं को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। बच्चों का उत्साह और अपनी पेंटिंग को बेहतर बनाने की लगन पूरे आयोजन के दौरान देखते ही बनी।
विद्यालय की कला शिक्षिका कुंतल जेटवा एवं अनुष्का कुमारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी कला को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। प्रतियोगिता में तैयार की गई सभी पेंटिंग्स का मूल्यांकन एक्सपीरियंस जापान द्वारा किया जाएगा। देशभर से चुनी जाने वाली शीर्ष 30 पेंटिंग्स को भारत की विभिन्न कला दीर्घाओं में प्रदर्शित किया जाएगा। ऐसे में सेक्रेड हार्ट के विद्यार्थियों के लिए यह प्रतियोगिता केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रतियोगिता में आश्वी, अद्यन, आराध्या बरनवाल, हर्षित वर्मा, नव्या श्री, आरोही सोनकर, अयान अंसारी, समर, अनन्या, ताहा कय्यूम, दिव्यांक, अयान, मानवी, रूही झा, स्नेहा शाह, रियांशु कुमार, नित्या, प्रशांत, आकांक्षा, आयुष्मान, अर्णव, आरुषी, आराध्या, शुशांत, दिव्यांशी, आर्यन श्रीवास्तव, रिधिमा, रिद्धि, समर कुमार, अवनी सिंह, मंगल पांडेय, एमडी रिहान, अदीब अहमद, ऋषिका सिंह, दीप राज, सना परवीन, मधु कुमारी, वंदना रानी, खुशी कुमारी, माही कुमारी, सुहानी कुमारी, पी. कियर्नस्लिन महिमा, संगम कुमारी, श्रेयांस शाह, दिव्यांशु भारती, अपराजिता सिंह, स्पर्श बिस्वास, साक्षी राज, ऋचा कुमारी, हर्षिता सोनी, संगम प्रिया, जानवी कुमारी, रिधिमा कुमारी, रामाशीष यादव, स्वीटी कुमारी, नयना हेनरी, विनिता कुमारी एवं वैष्णवी शिवप्रिया सहित 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि हमारे बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो केवल उन्हें सही मंच और अपनी कल्पनाओं को अभिव्यक्त करने की स्वतंत्रता देने की। जब कोई बच्चा अपने विचारों को रंगों के माध्यम से व्यक्त करता है, तो वह केवल एक चित्र नहीं बनाता, बल्कि अपने व्यक्तित्व का एक हिस्सा कैनवास पर उतारता है। मुझे खुशी है कि हमारे 60 विद्यार्थियों ने इतने बड़े राष्ट्रीय मंच पर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि सेक्रेड हार्ट स्कूल में शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। कला, संगीत, खेल, साहित्य और अन्य रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
विद्यालय की ओर से प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रशंसा स्वरूप उपहार देकर उनके प्रयासों का सम्मान किया गया। उपहार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनकी कलात्मक प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएगी। विद्यालय प्रबंधन ने कला शिक्षिकाओं एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
