Koderma News: 14 सितंबर को मनाया जाएगा हरतालिका तीज का पवित्र और पावन पर्व

कोडरमा: भगवान शिव और माता पार्वती के अटूट प्रेम, तपस्या और दांपत्य जीवन के आदर्श का पर्व हरतालिका तीज इस वर्ष सोमवार, 14 सितंबर को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। उदय तिथि के अनुसार तृतीया तिथि 14 सितंबर को होने के कारण इसी दिन हरतालिका तीज का व्रत रखा जाएगा। सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु, सुखी दांपत्य जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना से निर्जला व्रत रखेंगी, जबकि कुंवारी कन्याएं मनचाहे एवं योग्य जीवनसाथी की प्राप्ति के लिए भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करेंगी।

पं कुन्तलेश पाण्डेय ने बताया कि पंचांग के अनुसार तृतीया तिथि 13 सितंबर की सुबह से प्रारंभ होकर 14 सितंबर की सुबह तक रहेगी। प्रातःकाल हरितालिका पूजा का मुहूर्त लगभग सुबह 6 बजे से 7:06 बजे तक बताया गया है। शाम को प्रदोष काल में भी शिव-पार्वती की पूजा की जा सकती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी। माता पार्वती के पिता उनका विवाह भगवान विष्णु से करना चाहते थे, लेकिन पार्वती भगवान शिव को ही अपना पति मान चुकी थीं।

उनकी सखियां उन्हें पिता की इच्छा से दूर वन में ले गईं, जहां उन्होंने मिट्टी और बालू से भगवान शिव का पार्थिव स्वरूप बनाकर कठोर तप किया। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें पत्नी रूप में स्वीकार करने का वरदान दिया। इसी मान्यता से हरतालिका तीज को प्रेम, समर्पण, तपस्या और अखंड सौभाग्य का पर्व माना जाता है। हरतालिका तीज पर भगवान शिव, माता पार्वती और श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा करने की परंपरा है।

पूजा में बेलपत्र, धतूरा, आक के फूल, चंदन, अक्षत, रोली, कुमकुम, फल, फूल और पंचामृत सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की जाती है। माता पार्वती को सिंदूर, बिंदी, मेहंदी, चूड़ियां, महावर, इत्र, लाल चुनरी और अन्य सुहाग सामग्री अर्पित कर अखंड सौभाग्य की कामना की जाती है। पूजा के बाद हरतालिका तीज व्रत कथा का श्रवण या पाठ कर शिव-पार्वती की आरती की जाती है।

पं कुन्तलेश पाण्डेय ने कहा कि इस बार हरतालिका तीज के दिन ही गणेश चतुर्थी का पर्व भी शुरू होने से धार्मिक उत्साह और बढ़ गया है। तृतीया तिथि समाप्त शुभ 07भुकर 06 मिनट के बाद चतुर्थी तिथि प्रारंभ होगी। गणेश चतुर्थी के साथ घर-घर गणपति बप्पा की स्थापना की तैयारी होगी। श्रद्धालु अपनी परंपरा के अनुसार डेढ़ दिन, तीन, पांच, सात या दस दिनों तक गणपति की पूजा करते हैं और अनंत चतुर्दशी के अवसर पर विसर्जन करते हैं।

घर के मंदिर के लिए धार्मिक मान्यताओं में बैठी हुई और प्रसन्न मुद्रा वाले गणेश जी की प्रतिमा को शुभ माना जाता है। सामान्य घरेलू पूजा के लिए बाईं ओर सूंड वाले गणपति की प्रतिमा को प्राथमिकता देने की परंपरा है। मूर्ति साफ-सुथरी और अखंड होनी चाहिए। स्थापना के बाद श्रद्धापूर्वक गणपति पूजन, आरती और भोग लगाया जाता है।

हरतालिका तीज और गणेश उत्सव का यह धार्मिक संयोग श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का अवसर लेकर आया है। एक ओर महिलाएं शिव-पार्वती से अखंड सौभाग्य और सुखी दांपत्य जीवन की प्रार्थना करेंगी, वहीं गणपति बप्पा के आगमन के साथ घर-परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और विघ्नों के निवारण की कामना की जाएगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More