Sahibganj News: बाढ़ बनी काल, बड़ी कोदरजन्ना में महिला की डूबने से मौत, एक सप्ताह में तीसरी घटना

साहिबगंज। जिले में गंगा के उफान ने ग्रामीण इलाकों में हाहाकार मचा दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ी कोदरजन्ना (नया टोला) में शुक्रवार की रात बाढ़ के पानी ने एक और जान ले ली।
मृतका की पहचान 60 वर्षीय पुष्पा देवी, पति मुरारी मंडल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घर के चारों तरफ बाढ़ का पानी भरा था। रात के समय शौच के लिए घर से निकली पुष्पा देवी अंधेरे में पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाईं और डूब गईं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू हुई तो घर के पास ही पानी में उनका शव मिला।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना के सहायक अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। मृतका अपने पीछे एक बेटा और चार बेटियों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद नया टोला में मातम पसरा है।
साहिबगंज प्रखंड के दियारा क्षेत्र में बाढ़ जानलेवा बन गई है। एक सप्ताह में डूबने से यह तीसरी मौत है। 7 सितंबर को इसी बड़ी कोदरजन्ना गांव में 56 वर्षीय जिच्छू राम, पिता धन्नी राम की भी बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई थी। वहीं, 6 सितंबर को कृष्ण प्रसाद दियारा में नहाने गई 6 साल की मासूम कंचन कुमारी बाढ़ के तेज बहाव में बह गई थी, जिसका शव अब तक बरामद नहीं हो सका है।
लगातार हो रही घटनाओं ने प्रशासन की बाढ़ तैयारी और ग्रामीणों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने ऊंचे स्थानों पर अस्थायी शौचालय और रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
