Sahibganj News: बिंदुधाम पथ पर जलजमाव से श्रद्धालु परेशान, स्थायी समाधान की मांग

साहिबगंज। बरहरवा रेलवे स्टेशन से सिद्धपीठ माँ बिंदुवासिनी मंदिर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग बिंदुधाम पथ लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का मार्ग है। इस मार्ग पर सैकड़ों छोटे-बड़े गड्ढे हैं, जहां जलजमाव की समस्या बनी रहती है। इसी पथ पर दो जगहों पर लगातार जलजमाव की समस्या श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन गई है।
पहली समस्या वार्ड संख्या-1 में देखने को मिली। झिकटिया चौक से 50 से 100 मीटर रेलवे स्टेशन की ओर चापाकल का पानी सीधे सड़क पर बहता है। निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर हमेशा पानी जमा रहता है। इससे पैदल आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के कपड़े गंदे होते हैं और फिसलने का डर बना रहता है।
दूसरी समस्या वार्ड संख्या-2 में नजर आई। माँ काली मंदिर से थोड़ा रेलवे स्टेशन की तरफ बारिश के दिनों में जलजमाव की स्थिति और गंभीर हो जाती है। यहां नाली बनी हुई है, बावजूद इसके पानी सड़क पर ही जमा रहता है, जिससे नाली की सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़ा होता है।
उल्लेखनीय है कि हर दिन इस मार्ग से सैकड़ों श्रद्धालु माँ के दर्शन के लिए गुजरते हैं। सावन, नवरात्र और मेलों के दौरान भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में कीचड़ और जमा पानी के कारण श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत, बरहरवा से मांग की है कि बिंदुधाम पथ की समस्या की मौके पर जांच कर दोनों स्थानों पर जलजमाव का स्थायी समाधान कराया जाए। लोगों का कहना है कि माँ के दरबार तक जाने वाला रास्ता साफ-सुथरा और सुगम होना चाहिए।
