Sahibganj News: नगर परिषद की मार्ग प्रकाश व्यवस्था फेल, लाखों का बजट फिर भी शहर अंधेरे में

साहिबगंज। शहर को रोशन करने के नाम पर हर साल लाखों रुपये का बजट पास होता है, लेकिन धरातल पर साहिबगंज शहर आज भी अंधेरे में डूबा है। नगर परिषद की मार्ग प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह से लचर साबित हो रही है।

आलम यह है कि शहर के लगभग सभी 28 वार्डों में स्ट्रीट लाइटें या तो बंद पड़ी हैं या महीनों से खराब हैं। सबसे बुरी स्थिति जिरवाबाड़ी वार्ड संख्या 26 की है। यहां के प्रमुख मार्गों और गलियों में शाम होते ही घुप्प अंधेरा छा जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कहीं पोल पर लाइट है तो बल्ब गायब है और जहां बल्ब है, वह भी फ्यूज पड़ा है। अंधेरे के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है और चोर-उचक्कों का भय बना रहता है। महिलाएं और बुजुर्ग शाम के बाद घर से निकलने में डरते हैं।

पार्षद के वादे सिर्फ अखबार की सुर्खियों तक

इस संबंध में वार्ड 26 के पार्षद चमरू उरांव ने नई स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन दिया था। इसके लिए बाकायदा सड़क किनारे गड्ढे भी खुदवाए गए। इस खबर को दैनिक समृद्ध झारखंड ने कई बार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी उन गड्ढों में पोल तक नहीं लगा। गड्ढे आज भी खुले पड़े हैं, जो हादसों को न्योता दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इसे पार्षद का हवा-हवाई दावा करार दिया है।

बजट कहां जा रहा है? नगर परिषद दे जवाब

अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब नगर परिषद के पास मार्ग प्रकाश के लिए लाखों का बजट उपलब्ध है, तो उसका नियमित मेंटेनेंस क्यों नहीं हो रहा? खराब लाइटों को बदला क्यों नहीं जा रहा? क्या यह बजट सिर्फ कागजों में ही खर्च हो रहा है?

शहरवासियों ने नगर परिषद अध्यक्ष और कार्यपालक पदाधिकारी से मांग की है कि पूरे शहर की स्ट्रीट लाइटों की जांच कराकर उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए। साथ ही इस मद में खर्च हुए बजट का ब्योरा सार्वजनिक करने की भी मांग की गई है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More