Giridih News: 79 साल बाद भी पक्की सड़क से महरूम धोथो पंचायत, 3 किमी जर्जर सड़क बनी मुसीबत

गिरिडीह। आजादी के 79 साल बीत जाने के बाद भी जब देश डिजिटल इंडिया और स्मार्ट विलेज की बात कर रहा है, तब गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड की धोथो पंचायत के तीन गांव आज भी विकास की मुख्यधारा से कोसों दूर हैं। ग्राम दोनवांघाट, कोठवाटांड और दरियाडीह में आज तक एक अदद पक्की सड़क तक नहीं बन पाई है।
कोठवाटांड से कवईटांड मेन रोड तक जाने वाली लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क की हालत इतनी जर्जर है कि इसे सड़क कहना भी मुश्किल है। यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। धरधरों-कवईटांड सीमाना से दोनवांघाट तक, भाया दरियाडीह और कोठवाटांड़ तक सड़क की स्थिति भी बेहद खराब है।
बरसात में टापू बन जाते हैं तीनों गांव
ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के दिनों में तो जैसे-तैसे लोग धूल भरे रास्ते से आवागमन कर लेते हैं, लेकिन बरसात में स्थिति नारकीय हो जाती है। कच्ची सड़क पर 2 से 3 फीट तक के गड्ढे बन जाते हैं और उनमें पानी भर जाता है। चार पहिया वाहन तो दूर, मोटरसाइकिल और साइकिल से चलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में तीनों गांव टापू में तब्दील हो जाते हैं।
सबसे ज्यादा परेशानी उत्क्रमित मध्य विद्यालय कैलाढाब में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों को होती है। कीचड़ और फिसलन भरे रास्ते के कारण अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतराते हैं।
रोजगार और इलाज दोनों पर संकट
क्षेत्र की लगभग 2000 की आबादी में घटवार, नाई, मंडल, अंसारी, यादव, कुम्हार समेत सभी जाति-धर्म के लोग रहते हैं। अधिकांश लोग मजदूरी और खेती-किसानी कर जीवन यापन करते हैं। रोजगार और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए उन्हें इसी जर्जर रास्ते से होकर जमुआ और मिर्जागंज बाजार जाना पड़ता है।
सबसे गंभीर स्थिति तब बनती है जब गांव में कोई बीमार पड़ जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, रात में किसी महिला को प्रसव पीड़ा होने या किसी बुजुर्ग की तबीयत अचानक खराब होने पर एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में ग्रामीणों को मरीज को खाट यानी खटिया पर लादकर करीब 3 किलोमीटर पैदल कवईटांड मेन रोड तक लाना पड़ता है। इसके बाद ही किसी वाहन से मरीज को अस्पताल पहुंचाया जा सकता है। कई बार अस्पताल पहुंचने में देरी से मरीज की स्थिति और गंभीर हो जाती है।
कई बार दिया गया आवेदन, अब तक पहल नहीं
स्थानीय वार्ड सदस्य जितेन्द्र सिंह ने बताया कि सड़क के पक्कीकरण के लिए कई बार मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, उप प्रमुख से लेकर प्रखंड और जिला प्रशासन तक आवेदन दिया गया है। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए जमुआ विधायक श्रीमती मंजू कुमारी ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने सचिव, ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार को पत्र लिखकर जनहित में सड़क निर्माण एवं कालीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
बावजूद इसके अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों में जितेन्द्र सिंह, वकील मंडल, उगन ठाकुर, प्रकाश ठाकुर, वदिन मियां, जुम्मन मियां, प्रभु यादव, कैलाश यादव, सुभाष मंडल, दौलत मंडल, शनिचर राय, अर्जुन ठाकुर सहित सैकड़ों लोगों ने जिला प्रशासन से अविलंब सड़क का निर्माण और पक्कीकरण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से करीब 2000 लोगों को जर्जर रास्ते की समस्या से राहत मिलेगी और बच्चों की पढ़ाई तथा ग्रामीणों के रोजगार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।
