Sahibganj News: दियारा में जिंदगी हुई खानाबदोश, हर साल बाढ़ बहा ले जाती है गरीबों के सपने

साहिबगंज। हर साल यही सवाल उठता है और हर साल बाढ़ अपने साथ सिर्फ पानी नहीं, बल्कि गरीबों के सपने और आशियाने भी बहा ले जाती है। जिन घरों को बनाने में पूरी जिंदगी की कमाई लगा दी, उन्हीं घरों को बाढ़ के डर से पीड़ित अपने हाथों से तोड़ने को मजबूर हैं। कुछ दिनों पहले तक जहां चूल्हा जलता था, आज वहां घुटने भर पानी है।
दाने-दाने को मोहताज हुए लोग, झोपड़ी बनी किस्मत
दियारा क्षेत्र के किसानों और मजदूरों की जिंदगी आज बेहद दयनीय स्थिति से गुजर रही है। एक झोपड़ी बनती है, उम्मीद जगती है कि इस बार शायद छत टिक जाएगी, तभी गंगा का पानी आता है और सब कुछ डुबो देता है। इसके बाद वही किसान कंधे पर बांस-फूस और पॉलीथिन लेकर किसी ऊंचे टीले पर दूसरी झोपड़ी बनाने की जुगत में लग जाता है।
साल दर साल यही सिलसिला जारी है। लोग अपने ही वतन में खानाबदोश की तरह जीने को मजबूर हैं। आज यहां, कल वहां। न जमीन सुरक्षित है और न घर।
खेत डूबे, अनाज बहा, अब भूख से लड़ाई
बाढ़ ने खेतों में लगी फसलों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। घर में रखा अनाज भी पानी में सड़ गया। ऐसे में ग्रामीणों के सामने अब भोजन का संकट खड़ा हो गया है। सुबह-शाम का खाना जुटाना भी मुश्किल हो रहा है। छोटे-छोटे बच्चे पॉलीथिन की झोपड़ियों में भूख से बिलख रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, पीने के पानी के लिए भी उन्हें दूर जाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारी आते हैं, स्थिति का जायजा लेते हैं और सूखा राशन का पैकेट देकर चले जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अब तक न तो विधायक ने उनकी सुध ली और न ही सांसद ने। ऐसे में सवाल है कि आखिर उनका दर्द कौन समझेगा?
राहत के साथ स्थायी पुनर्वास की मांग
बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि उन्हें हर साल बाढ़ से बचने के लिए स्थायी समाधान चाहिए। उन्होंने ऊंचे स्थान पर जमीन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे भी सुरक्षित तरीके से अपना जीवन बिता सकें।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दियारा के बाढ़ पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत के साथ-साथ स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि यदि स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो हर साल उनका आशियाना इसी तरह बाढ़ के पानी में बहता रहेगा।
