प्रह्लाद जोशी से मिले रघुवर दास, संताली भाषा और ओलचिकी लिपि पर सौंपा ज्ञापन

नई दिल्ली। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर संताली भाषा की पठन सामग्री को उसकी मूल एवं स्वीकृत ओलचिकी लिपि में तैयार एवं प्रकाशित करने के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

रघुवर दास ने शिक्षा मंत्री को बताया कि शिक्षा मंत्रालय द्वारा विभिन्न पाठ्य पुस्तकों एवं शैक्षणिक सामग्रियों के निर्माण एवं प्रकाशन का कार्य किया जा रहा है। इसमें संताली भाषा की पुस्तकों को देवनागरी लिपि में तैयार एवं प्रकाशित करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने आग्रह किया कि संताली भाषा की पाठ्य सामग्री उसकी मूल ओलचिकी लिपि में ही तैयार एवं प्रकाशित की जाए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में पूरे देश में ओलचिकी लिपि का शताब्दी वर्ष गौरव और उत्साह के साथ मनाया गया। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित शताब्दी समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कर कमलों द्वारा ओलचिकी लिपि में संताली भाषा में अनुवादित भारत के संविधान का लोकार्पण किया गया था।

रघुवर दास ने यह भी बताया कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम हूल दिवस यानी 30 जून के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोशल मीडिया मंच एक्स पर ओलचिकी लिपि में देश के नाम संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के कार्यकाल में संताली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया था और संताली भाषा की अपनी स्वतंत्र एवं सर्वमान्य लिपि ओलचिकी है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में डबल इंजन सरकार के समय संताल बहुल रेलवे स्टेशनों के नामपट्ट ओलचिकी लिपि में लिखे गए। इसके अलावा संताल बहुल क्षेत्रों में विभिन्न कार्यालयों के नाम भी ओलचिकी लिपि और संताली भाषा में लिखे गए हैं। साहित्य अकादमी पुरस्कार भी संताली भाषा के लिए ओलचिकी लिपि में दिया जा रहा है।

रघुवर दास के अनुसार केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों की वेबसाइट पर संताली भाषा के लिए ओलचिकी लिपि का उपयोग किया जा रहा है। झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, छत्तीसगढ़ और असम समेत कई राज्यों के साथ-साथ नेपाल और बांग्लादेश में भी ओलचिकी लिपि का व्यापक प्रयोग होता है।

उन्होंने शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया कि एनसीईआरटी तथा शिक्षा मंत्रालय से संबंधित सभी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिया जाए कि संताली भाषा की सभी पाठ्य पुस्तकों, संदर्भ सामग्री, शिक्षक मार्गदर्शिकाओं और डिजिटल संसाधनों को उसकी मूल एवं स्वीकृत ओलचिकी लिपि में ही तैयार एवं प्रकाशित किया जाए।

रघुवर दास ने कहा कि इससे देश के संताली भाषियों की समृद्ध भाषाई पहचान को मजबूती मिलेगी और संताली भाषा के संरक्षण एवं विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के साथ इस विषय पर बातचीत सकारात्मक रही।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More