जल जीवन मिशन: उत्कृष्ट कार्य करने वाली 8 जल सहियाओं को मिला विशेष सम्मान

रांची। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जलापूर्ति योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं रख-रखाव में उत्कृष्ट योगदान देने वाली राज्य की 8 जल सहियाओं को विशेष सम्मान दिया गया। नेपाल हाउस में आयोजित कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव श्री अबु इमरान ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली जल सहियाओं को विशेष प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया

सचिव अबु इमरान ने जल सहियाओं के कार्यों की सराहना करते हुए झारखंड की अन्य जल सहियाओं को भी इसी तरह सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान सम्मानित जल सहिया दीदियों ने जल जीवन मिशन के तहत अपने अनुभव भी साझा किए।

सम्मानित होने वाली जल सहियाओं में बोकारो जिले की 5 तथा रांची जिले की 3 जल सहिया शामिल हैं। इन जल सहियाओं ने अपने-अपने ग्राम एवं पंचायतों में जल एवं स्वच्छता समिति के साथ सक्रिय समन्वय एवं सहभागिता करते हुए जल जीवन मिशन की योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था में आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनकी सूचना संबंधित स्तर तक पहुंचाने, पेयजल की सुरक्षित गुणवत्ता सुनिश्चित करने, जल संरक्षण तथा पानी के सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति ग्रामीण समुदाय को जागरूक करने में भी सराहनीय योगदान दिया है।

जल सहियाएं ग्रामीण परिवारों को उपयोगकर्ता शुल्क के महत्व के प्रति जागरूक करने तथा जल एवं स्वच्छता समिति के साथ समन्वय स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इससे जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और आवश्यक रख-रखाव के लिए स्थानीय स्तर पर सामुदायिक योगदान को बढ़ावा मिल रहा है।

जल जीवन मिशन के तहत मिलने वाला मासिक जल शुल्क योजनाओं के सतत संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पानी के शुल्क से एकत्र राशि का उपयोग प्लंबर और पंप ऑपरेटरों के मासिक मानदेय, आवश्यक मरम्मत तथा पेयजल आपूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में किया जाता है।

यह सम्मान जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन में जल सहियाओं की जमीनी भूमिका और योगदान को पहचानने तथा उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे अन्य जल सहियाओं और ग्रामीण समुदायों को भी पेयजल योजनाओं के सतत संचालन तथा जल सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रेरणा मिलेगी।

जल जीवन मिशन का लक्ष्य केवल ग्रामीण परिवारों तक नल के माध्यम से पानी पहुंचाना नहीं है, बल्कि प्रत्येक परिवार को नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित एवं दीर्घकालिक जल सेवा उपलब्ध कराना भी है। इस लक्ष्य को जमीन पर प्रभावी रूप से लागू करने में जल सहियाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More