हटिया का किंग कौन! अजय नाथ शाहदेव पर दांव या झामुमो बना रहा कोई दूसरा मास्टर प्लान

रांची: रांची लोकसभा सीट के तहत आने वाली छह विधान सभा की सीटों में आज के दिन इचागढ़ (जेएमएम- सविता महतो, खिजरी (कांग्रेस राजेश कच्छप), सिल्ली ( आजसू -सुदेश महतो), रांची (भाजपा-सीपी सिंह), कांके( भाजपा -समरी लाल), और हटिया में भाजपा के नवीन जायसवाल का कब्जा है. इस हिसाब से छह में से एक पर कांग्रेस, तीन पर भाजपा और एक -एक पर आजसूऔर झामुमो को कब्जा है. भाजपा के कब्जे वाली तीन सीटों में रांची और कांके पर तो उसकी मजबूत स्थिति रही है, लेकिन हटिया का सामाजिक समीकरण कुछ इस अंदाज में है, जहां समीकरण में मामूली बदलाव के साथ ही जीत और हार की तस्वीर बदल जाती है. मौजूदा भाजपा विधायक नवीन जायसवाल भी कई पार्टियों का सफर करते हुए फिलवक्त कमल की सवारी कर रहे हैं.

नवीन जायसवाल का सियासी सफर

लेकिन नवीन जायसवाल का विधान सभा में एंट्री आजसू के बनैर तले 2012 में हुई थी. आजसू के टिकट विधान सभा में पहुंचने के साथ ही महज दो साल के अंदर-अंदर 2014 में बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो का दामन थाम लिया. लेकिन बाबूलाल की पार्टी झाविमो भी नवीन जायसवाल के लिए स्थायी ठिकाना साबित नहीं हुआ. महज साल भर बाद वह भाजपा के साथ खड़े हो गयें. रघुवर दास के शासन काल में बाबूलाल के खिलाफ जिस ऑपेरशन कमल को अंजाम दिया गया था, बाबूलाल मरांडी के जिन छह विधायकों ने गच्चा देते हुए भाजपा का दामन थामा था, उसमें एक चेहरा नवीन जायसवाल भी थें. हालांकि इस पालाबदल के बाद नवीन जायसवाल को वर्ष 2019 में जीत मिली और वह एक बार फिर विधान सभा पहुंचने में सफल रहें. लेकिन जैसा कि आपको बताया, हटिया का सामाजिक समीकरण ही कुछ ऐसा है कि यहां कुछ भी दावे के साथ नहीं कहा जा सकता, और यह कहने में भी कोई गुरेज नहीं होगा कि इस बार नवीन जायसवाल की वापसी होगी या फिर कोई नया खेल होगा? पूरी तस्वीर ही बदलती नजर आयेगी? इसकी भविष्यवाणी अभी से नहीं की जा सकती है. हम ऐसा क्यों कह रहे हैं और इसकी आशंका क्यों जता रहे हैं, इसको जानने के पहले हटिया विधान सभा का सामाजिक समीकरण को जानना बेहद जरुरी है, उसके बाद ही तस्वीर कुछ साफ होती नजर आयेगी.

क्या है हटिया का सामाजिक समीकरण

एक आकलन के अनुसार हटिया विधान सभा में अनुसूचित जनजाति के मतदाताओ की संख्या करीबन 28 फीसदी की है, जबकि मुस्लिम मतदाता 15 फीसदी. इसके साथ ही हटिया  में  ग्रामीण और शहरी मतदाताओं का मिश्रण भी है.  ग्रामीण मतदाता 23 फीसदी है, जबकि शहरी मतदाता 76 फीसदी के आसपास, यही 76 फीसदी शहरी मतदाता भाजपा की ताकत है, लेकिन इस शहरी मतदाताओं में मुस्लिम और आदिवासी के साथ ही पिछड़ी जातियों के मतदाताओं की भी एक बड़ी संख्या है. कुड़मी महतो की भी एक सीमित आबादी हैै.

मोदी लहर का खात्मा भाजपा की मुसीबत

2014 के बाद देश में जो मोदी का लहर चलता दिखा, उसमें शहरी मतदाताओं का वह हिस्सा जो सामान्य तौर भी भाजपा के साथ नहीं रहता,  साथ खड़ा नजर आया, लेकिन लोकसभा के चुनाव परिणाम इस बात का पुख्ता सबूत है कि  मोदी लहर अब काफी दूर निकल चुका है. मतदाता अपने-अपने पुराने खांचे की ओर वापस लौट रहे है. हिन्दुत्व से बाहर सामाजिक पहचान का सवाल एक बार फिर से गहराने लगा है. उपर से  जिन आदिवासी मतदाताओं का रुक्षान एक हद तक भाजपा की ओर बढ़ा था, हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद वह पूरी ताकत के साथ झामुमो के साथ खड़ा नजर आ रहा है और यही भाजपा के लिए चिंता का विषय है. क्योंकि 15 फीसदी मुस्लिम मतदाताओं का इंडिया गठबंधन के साथ छोड़ने के कोई प्रश्न पहले भी नहीं था, लेकिन  वर्ष 2014 और 2019 में 28 फीसदी आदिवासी मतदाता एक बड़ा हिस्सा भाजपा के साथ जरुर खड़ा होता दिखा था. 2019 में नवीन जायसवाल के जीत की वजह भी यही थी. लेकिन क्या आदिवासी-मुस्लिम के साथ पिछड़ी जातियों का वह मतदाता एक बार  फिर से  भाजपा के साथ खड़ा होने जा रहा है? लोकसभा चुनाव का ट्रेंड आया, और आदिवासी बहुल इलाकों से जिस अंदाज में भाजपा का सफाया हुआ, उसके बाद इसकी संभावना तो दिखलायी नहीं देती, वैसे भी शहरी शहरी आदिवासी मतदाता अपने अधिकार और सामाजिक हिस्सेदारी के सवाल पर ज्यादा ही मुखर होता है. उनके अंदर सामाजिक जागरुरकता का स्तर उंचा होता है.

 

करीबन 43 फीसदी आदिवासी-मुस्लिम मतदाता एक बड़ा फैक्टर

 

यदि हम मुस्लिम और आदिवासी मतदाताओं की  संखया को आपस में जोड़ दें तो यह करीबन 43 फीसदी के आस पास पहुंच जाता है. याद रहे कि वर्ष 2019 के मुकाबले में भी कांग्रेस के उम्मीदवार अजय नाथ शाहदेव को 39.38 फीसदी के साथ 99,167 वोट मिला था, फुलवामा अटैक के कारण उपजे उस राष्ट्रवाद में लहर में नवीन जायसवाल को 115,431 के साथ जीत मिली थी. यानि 45 फीसदी मतदाताओं का साथ मिला था. साफ है कि मुकाबला तब भी दिलचस्प था. यदि इस बार पांच से सात फीसदी वोट भी इधर-उधर होता है, तो एक दूसरी तस्वीर सामने आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता.

इंडिया गठबंधन का चेहरा कौन होगा?

लेकिन इसके साथ ही एक बड़ा सवाल यह भी है कि इस बार इंडिया गठबंधन का चेहरा कौन होगा. क्या कांग्रेस एक बार फिर से अजय नाथ शाहदेव पर दांव लगाने जा रही है या फिर जैसा की राहुल गांधी का नारा है, जिसकी जितनी हिस्सेदारी, उसकी उतनी भागीदारी को जमीन पर उतारने की कोशिश की जायेगी? यदि कांग्रेस की ओर से सामाजिक समीकरणों को साधते हुए चेहरा सामने लाया तो दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है. और जीत की बाजी कांग्रेस या इंडिया गठबंधन के पाले में आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. आपको यह भी बता दें कि 2005 से 2009 तक इस सीट से कांग्रेस के गोपालनाथ शरण शाहदेव की जीत हुई थी, लेकिन 2012 से 2014 यह सीट आजसू और झाविमो  के हाथ में रही और 2019 में भाजपा को यहां से पहली जीत मिली. यानि यह सीट भाजपा की परंपरागत सीट नहीं रही है.  

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More