लोहरदगा: उपायुक्त ने ईवीएम वेयरहाउस का किया त्रैमासिक निरीक्षण, राजनीतिक दलों के साथ एसआईआर पर बैठक

लोहरदगा। उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण तिथियों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
उपायुक्त ने बताया कि जिन नागरिकों की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, उनका नाम वर्तमान में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में जोड़ा जा रहा है। पात्र नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर अपने संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वैसे मतदाता जो अपने परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र पर रखना चाहते हैं, वे निर्धारित प्रारूप में आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं। वहीं, जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है अथवा जिनका नाम मतदाता सूची से हटाया जाना आवश्यक है, उनके संबंध में निर्धारित प्रपत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।
उपायुक्त ने कहा कि कोई भी योग्य भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं हितधारकों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में शहरी क्षेत्रों में ईआरओ-सह-अनुमंडल पदाधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में एईआरओ-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी द्वारा दावा-आपत्ति से संबंधित मामलों की सुनवाई की जा रही है। जिन मतदाताओं को सुनवाई से संबंधित नोटिस प्राप्त हो चुका है, वे नोटिस में अंकित निर्धारित तिथि एवं स्थान पर सक्षम पदाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर सुनवाई में भाग लें।
उपायुक्त ने नये पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने तथा नोटिस प्राप्त मतदाताओं को निर्धारित समय पर सक्षम पदाधिकारी के समक्ष उपस्थित होने में आवश्यक सहयोग करने की अपील की।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बीएलए-2 की जिम्मेदारियों एवं दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में चल रहे एसआईआर कार्यक्रम में सभी राजनीतिक दलों और आम नागरिकों का सकारात्मक सहयोग अपेक्षित है, ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से छूटे नहीं और अपात्र व्यक्तियों का नाम शामिल न हो।
बैठक में आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, कोषागार पदाधिकारी सुचित कुमार समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
