अफगानिस्तान की मेजबानी में जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय वनडे श्रृंखला 17 अक्टूबर से

दुबई। अफगानिस्तान की मेजबानी में जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय वनडे श्रृंखला 17 अक्टूबर से शुरू होगी। तीनों टीमों के बीच मुकाबले 17 से 23 अक्टूबर तक खेले जाएंगे। इसके बाद अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय और दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला होगी।
त्रिकोणीय श्रृंखला का पहला मुकाबला 17 अक्टूबर को जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के बीच होगा। इसके बाद 19 अक्टूबर को जिम्बाब्वे की भिड़ंत मेजबान अफगानिस्तान से होगी। अफगानिस्तान और बांग्लादेश 21 अक्टूबर को आमने-सामने होंगे, जबकि फाइनल 23 अक्टूबर को खेला जाएगा।
त्रिकोणीय श्रृंखला के बाद अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले 27 और 29 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैच होंगे। पहला टेस्ट 5 नवंबर और दूसरा 13 नवंबर से शुरू होगा।
जिम्बाब्वे के संयुक्त अरब अमीरात पहुंचने से पहले अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच एकमात्र टेस्ट मैच भी खेला जाएगा। यह मुकाबला 9 से 13 अक्टूबर तक होगा।
जिम्बाब्वे क्रिकेट के प्रबंध निदेशक गिवेमोर मकोनी ने कहा कि यह जिम्बाब्वे के लिए महत्वपूर्ण दौरा है, जिसमें खिलाड़ियों को तीनों प्रारूपों में उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि त्रिकोणीय वनडे श्रृंखला में टीम को दो मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अपनी क्षमता परखने का मौका मिलेगा, जबकि दो टेस्ट मैच लंबे प्रारूप में टीम के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण होंगे।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नसीब खान ने कहा कि अलग-अलग प्रारूपों में बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना अफगान खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण प्रतिस्पर्धी अनुभव देगा और प्रशंसकों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का रोमांचक दौर लेकर आएगा।
उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपनी राष्ट्रीय टीम को नियमित रूप से उच्च गुणवत्ता वाली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और जिम्बाब्वे क्रिकेट के साथ संबंधों को महत्वपूर्ण बताते हुए इन मुकाबलों के आयोजन में उनके सहयोग की सराहना की।
