गिरिडीह: मुनिया देवी चैंपियन लीग सीजन-5 का आगाज 12 अक्टूबर से, 16 को होगा मेगा फाइनल

गिरिडीह। मुनिया देवी चैंपियन लीग सीजन-5 के आयोजन को लेकर सोमवार को नवडीहा में कोर कमेटी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान टूर्नामेंट की तैयारियों और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में टूर्नामेंट के संचालक मनीष वर्मा एवं कोर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि मुनिया देवी चैंपियन लीग का आयोजन पिछले चार वर्षों से जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी के संयोजन में किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, सीजन-5 का शुभारंभ 12 अक्टूबर को होगा, जबकि 16 अक्टूबर को मेगा फाइनल खेला जाएगा। इस वर्ष टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। लीग के सभी मुकाबले 10 ओवर के होंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 12 ओवर का खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के विजेता टीम को 2.50 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 1.25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं, मैन ऑफ द सीरीज को 11 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
मनीष वर्मा ने बताया कि जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी के निर्देश पर टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस बार प्रतियोगिता को और व्यापक रूप दिया गया है। देशभर के खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले सकेंगे। हालांकि, प्रत्येक टीम में गिरिडीह जिले के कम से कम दो खिलाड़ियों का शामिल होना अनिवार्य रहेगा।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। सीजन-5 में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। वहीं, 16 अक्टूबर को होने वाले मेगा फाइनल को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
