गुवा गोलीकांड के शहीदों को जयराम महतो ने दी श्रद्धांजलि, राज्य सरकार पर साधा निशाना

पश्चिमी सिंहभूम। गुवा गोलीकांड के शहीदों की स्मृति में मंगलवार को आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेकेएलएम) के अध्यक्ष और डुमरी विधायक जयराम महतो शामिल हुए। पहली बार सड़क मार्ग से दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ गुवा पहुंचे महतो ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के बाद उन्होंने राज्य की राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था पर निशाना साधा।

जयराम महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन के दौरान जल, जंगल, जमीन और अधिकारों के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के सपनों के अनुरूप राज्य का निर्माण अभी तक नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि गुवा गोलीकांड समेत झारखंड आंदोलन के शहीदों की कुर्बानी को केवल प्रतिवर्ष श्रद्धांजलि कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। शहीद परिवारों और उनके गांवों की स्थिति में वास्तविक बदलाव ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में लंबे समय तक आंदोलन चला और गांव-गांव से लोग इसमें शामिल हुए। आज हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार है, इसलिए शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने की जिम्मेदारी वर्तमान सरकार की भी है।

जयराम महतो ने राज्य में भ्रष्टाचार और कथित माफिया प्रभाव को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावों के बावजूद कई क्षेत्रों में लोगों को सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

उन्होंने गुवा शहीद दिवस के आयोजन पर होने वाले खर्च और जगह-जगह लगाए गए बड़े होर्डिंग, बैनर तथा पंडालों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि समारोहों पर खर्च होने वाली राशि का कुछ हिस्सा यदि शहीद परिवारों और उनके गांवों के विकास पर लगाया जाए तो उसका सीधा असर लोगों के जीवन पर दिखाई देगा।

जयराम महतो ने कहा कि शहीदों के नाम पर राजनीति और दिखावे के बजाय उनके सपनों को जमीन पर उतारने की जरूरत है।

लेखक के बारे में

By digital.samridhbharat@gmail.com

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More