72 घंटे में पूरा कराएं कांवड़ यात्रा मार्गों की मरम्मत : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ, 17 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 22 जुलाई से प्रारंभ हो रही पावन कांवड़ यात्रा की तैयारियों की बुधवार को समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अगले 72 घंटे में कांवड़ यात्रा मार्गों की मरम्मत का शेष काम पूरा कराएं। कावंड़ यात्रा से संबंधित हर जिले की हर सड़क की मरम्मत का शेष काम अगले 72 घंटे में पूरा कर लिया जाए। पूरे कांवड़ यात्रा रूट की साफ-सफाई कराई जाए। यह क्रम पूरे माह जारी रहना चाहिए। कहीं भी गंदगी अथवा जलभराव नहीं होनी चाहिए। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट हो, साथ ही पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर अच्छी प्रकाश व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए, ट्रांसफार्मर की व्यवस्था भी रहे।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए यह उचित होगा कि यात्रा मार्ग पर आमजन के सहायतार्थ शिविर लगाएं। यहां शीतल पेयजल, शिकंजी वितरण आदि का भी प्रबंध हो। शिविर लगाने में सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाना चाहिए, यद्यपि शिविर संचालकों का सत्यापन जरूर करा लें। यात्रा मार्ग की ड्रोन से निगरानी कराई जाए और प्रमुख अवसरों पर पुष्पवर्षा भी कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ियों द्वारा तय मानकों के साथ डीजे बजाया जाना चाहिए, लेकिन डीजे की ऊंचाई एक तय सीमा से अधिक न हो। गाजियाबाद, मेरठ, बरेली, अयोध्या, बस्ती, प्रयागराज, काशी, बाराबंकी आदि के नगरीय क्षेत्रों में आस्था के केंद्र शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा मंदिर प्रबंधन से संपर्क-संवाद कर शिवालयों में भीड़ प्रबंधन कर लिया जाए। गंगनहर में मृत जानवरों के प्रवाह की सूचना मिली है, इसे तत्काल रोका जाए।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More