बांग्लादेशी घुसपैठ को JMM-CONG का संरक्षण, हेमंत सरकार ने क्यों हाथ ऊपर कर दिया: हिमंत बिस्वा सरमा 

असम के मुख्यमंत्री और झारखंड प्रदेश भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने असम में मुसलमानों की बढ़ती आबादी पर बुधवार को कहा, “डेमोग्राफ़ी का बदलना मेरे लिए एक बड़ा मुद्दा है. असम में आज मुस्लिमों की आबादी 40 फ़ीसदी तक पहुंच गई है.” उन्होंने कहा कि 2011 की जनगणना के मुताबिक़,असम में मुसलमानों की आबादी 34 फ़ीसदी से अधिक थी. हालांकि 2011 के बाद जो जनगणना होनी थी, वो अब तक नहीं हुई है.

रांची विधानसभा स्तरीय अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा में भाग लेने आए हिमंता बिस्वा सरमा ने पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कहा- ” 1951 में असम में मुस्लिमों की आबादी केवल 12 फ़ीसदी ही थी. हम कई सारे ज़िलों को खो चुके हैं.मेरे लिए ये राजनीतिक मुद्दा नहीं है. मेरे लिए ये जीने और मरने का मुद्दा है.”

झारखण्ड की चर्चा करते हुए एक अन्य सवाल पर असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में विशेषकर संताल परगना इलाके में बाहर से घुसपैठियों का आना और यहां की आदिवासी बेटियों को फंसाना एक समस्या है और यह सब बीते साढ़े चार सालों से JMM-Cong के संरक्षण में हो रहा है.असम एक बॉर्डर राज्य है और वह रोज घुसपेठियों से लड़ रहे हैं लेकिन इस मामले में झारखण्ड की हेमंत सरकार ने क्यों हाथ ऊपर कर दिया हैं?

हिमंता इससे पहले भी मुसलमानों, झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ समेत लैंड जिहाद और लव जिहाद जैसे मुद्दों को उठाते और उसपर बयान देते रहे हैं. मंगलवार को उन्होंने खूंटी और तोरपा विधानसभा स्तरीय विजय संकल्प सभा में हिस्सा लिया था और झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए उसपर तुष्टिकरण का आरोप लगाया था.

मंगलवार को सरमा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आदिवासियों की उपेक्षा और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप भी लगाया था. उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन आदिवासियों के नेता नहीं हैं, बल्कि कुर्सी के पीछे भागने वाले नेता हैं और इसे उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को केवल 5 महीने में ही मुख्यमंत्री के पद से हटाकर साबित कर दिया क्योंकि सोरेन जानते थे कि चंपई उनको भ्रष्टाचार नहीं करने देंगे.

प्रदेश भाजपा चुनाव सह प्रभारी ने मुख्यमंत्री सोरेन पर चुनावी वादों को पूरा न करने का आरोप भी लगाया. सरमा ने कहा कि सोरेन सरकार बेरोजगारी भत्ता देने और रोजगार देने में फेल रही. सोरेन ने पांच लाख नौकरी देने और पांच हजार से सात हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही थी, लेकिन एक भी युवा को इसका लाभ नहीं मिला. साथ ही उन्होंने सोरेन सरकार पर कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा में फेल रहने और बालू की तस्करी कराने का भी आरोप लगाया. असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य अगले विधानसभा चुनाव जीतकर झारखंड में एक बार फिर से डबल इंजन की सरकार बनाना है.

लेखक के बारे में

By Shailendra Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More