विस चुनाव 2024: तोरपा पर कब्जे को लेकर कांग्रेस जेएमएम के बीच जंग!

रांची: जैसे-जैसे विधान सभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो रही है, सियासी दलों के अंदर अपना-अपना पैर पैसारने की महत्वकांक्षा भी तेज हो रही है. जहां एनडीए के अंदर आजसू भाजपा के बीच सीटों की दावेदारी को लेकर खींचतान की खबरें आ रही है, वहीं इंडिया गठबंधन के अंदर भी सब कुछ सहज-सामान्य नहीं दिख रहा है. वर्ष 2019 में 31 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार कर 16 पर जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस कि कोशिश इस बार अपने हिस्से की सीट बढ़ाने की है, लोकसभा चुनाव में खूंटी से सफलता हासिल करने के बाद, उसकी नजर तोरपा विधान सभा भी लगी हुई है. लोकसभा चुनाव में जीत का पैमाना बता कर वह तोरपा पर नजर जमाये हुए है. जहां वर्ष 2019 में झामुमो को शिकस्त का सामना करना पड़ा था. उसके उम्मीदवार सुदीप गुड़िया को 33,852 वोट मिला था, जबकि भाजपा के कोचे मुंडा 43,482 वोट के साथ जीत अपने नाम करने में सफल रहे थें. लेकिन लोकसभा चुनाव में उसी तोरपा विधान सभा से कांग्रेस के कालीचरण मुंडा को 79260 वोट मिला, जबकि भाजपा के अर्जुन मुंडा को 43840 के साथ संतोष करना पड़ा, अब इसी प्रदर्शन को आधार पर कांग्रेस की चाहत तोरपा को अपने पास रखने की है.
वर्ष 2009 और 2014 में रहा है झामुमो कब्जा
लेकिन, यदि हम झामुमो की नजर से देखे तो 2009 और 2014 में उसके उम्मीदवार पौलुस सुरीन को लगातार जीत मिली, वर्ष 2019 में झामुमो ने पौलुस सुरीन का टिकट काट कर सुदीप गुड़िया पर दांव आजमाया, लेकिन झामुमो को यह दांव फेल हो गयी. तोरपा की सीट पर तीसरी बार सफलता नहीं मिली और 2000 और 2005 के बाद एक बार फिर से भाजपा के कोचे मुंडा कमल खिलाने में कामयाब रहे. इसी के आधार पर झामुमो तोरपा को अपने हिस्से की सीट मान रही है और इसके लिए उसके पास ठोस तर्क भी है. जबकि कांग्रेस के पास सिर्फ लोकसभा चुनाव के परिणाम के आधार पर दावेदारी.
कैसा रहा है अब तक का चुनावी मुकाबला
आपको बता दें कि वर्ष 2000 में भाजपा के कोचे मुंडा को इस सीट से करीबन 3,097 से जीत मिली थी, 24,986 वोट के साथ कोचे मुंडा इस सीट को अपने नाम कर गये थें, 21,889 के साथ स्वतंत्र रुप से मैदान में उतरे निरल एनम होरो को दूसरा स्थान मिला था, जबकि कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे डॉली कंडुलना को 13,674 वोट के साथ तीसरे स्थान पर सिमटना पड़ा था. वर्ष 2005 के मुकाबले में 28,965 के साथ कोचे मुंडा एक बार फिर से इस सीट को अपने नाम कर गयें, जबकि वर्ष 2000 में स्वतंत्र उम्मीदवार के रुप में अखाड़े में उतरे निरल एनम होरो ने इस बार झारखंड पार्टी का दामन थाम कर 20,833 के साथ एक बार फिर से दूसरा स्थान प्राप्त किया. बड़ी बात यह रही कि इस बार झामुमो ने भी अपना उम्मीदवार उतारा था, और उसके उम्मीदवार पीटर बेज को 11,300 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. कांग्रेस इस बार मुकाबले से बाहर हो चुकी थी.
पौलुस सुरीन ने दिलायी थी झामुमो को पहली और दूसरी जीत
लेकिन वर्ष 2009 के मुकाबले में झामुमो ने इस सीट से पौलुस सुरीन को अखाड़े में उतारा, और अपने पहले ही प्रयास में ही पौलुस सुरीन 34,551 के साथ इस सीट को अपने नाम करने में सफल रहें. जबकि भाजपा के कोचे मुंडा को 18,752 दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. वर्ष 2009 में बाबूलाल की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा ने भी अपना उम्मीदवार खड़ा किया था और अपने पहले ही प्रयास में विजय मुंडू ने 16,779 के साथ तीसरा स्थान प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की थी. वर्ष 2014 में एक बार फिर से पौलुस सुरीन ने 32,003 के साथ इस सीट को अपने नाम कर लिया, जबकि 31,960 के साथ भाजपा के कोचे मुंडा को दूसरा स्थान मिला.
महज 43 वोटों से भाजपा के कोचे मुंडा को मिली थी हार
पौलुस सुरीन को 32,003, जबकि कोचे मुंडा को 31,960 , यानि महज 43 वोट से भाजपा के कोचे मुंडा को हार का सामना करना पडा. जबकि इस बार कांग्रेस की ओर से पुनीत हेमरोम को मैदान में उतारा गया था, पुनीत हेमरोम को महज 8,242 वोट के साथ चौथे स्थान पर सिमटना पड़ा. कांग्रेस से बेहतर स्थिति तो झारखंड पार्टी के उम्मीदवार सुमन भेंगरा की रही, सुमन ने 18,966 के साथ तीसरा स्थान पर मोर्चा संभाला. लेकिन 2019 में यह सीट एक बार फिर से भाजपा के पास गयी और कोचे मुंडा ने 43 मतों से मिली हार का बदला लेते हुए इस बार 43,482 के साथ तोरपा अपने नाम कर लिया, जबकि पौलुस सुरीन को बेटिकट कर सुदीप गुड़िया पर दांव लगाने वाले झामुमो को 33,852 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा, और इसकी बड़ी वजह रही पौलुस सुरीन के द्वारा निर्दलीय ताल ठोंकते हुए 19,234 वोट में सेंधमारी. यानि वर्ष 2014 में 43 मतों से कोचे मुंडा को हराने वाले पौलुस सुरीन ने इस बार भाजपा को 19,234 का तोहफा दिया.
मुकाबले से बाहर हो चुके हैं पौलुस सुरीन
हालांकि वर्ष 2024 के मुकाबले से पौलुस सुरीन बाहर हो चुके हैं. 2013 में कर्रा थाना में हुए एक दोहरे हत्याकांड के मामले में कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. इस हालत में इस बार तोरपा में झामुमो का चेहरा कौन होगा? एक बड़ा सवाल है. क्या वह एक बार फिर से सुदीप गुड़िया पर दांव आजमायेगी? या फिर उसके पास कोई और भी तुरुप का पत्ता है? देखने वाली बात होगी, जहां तक कांग्रेस की बात है, वह लोकसभा चुनाव के प्रर्दशन के आधार पर अपना दांवा तो जरुर ठोक रही है. लेकिन यह बात कांग्रेसी रणनीतिकारों को भी पता है कि यदि झामुमो का साथ नहीं होता, तो खूंटी में भी जीत पर संशय के बादल थें. जहां भी उसे झामुमो के आधार पर मतदाताओं का साथ मिलता है, जीत मिलती है, लेकिन जैसे ही आदिवासी बहुल सीटों से बाहर निकलती है, हांफती नजर आती है, इस हालत में कांग्रेस की मंशा चाहे जो हो, लेकिन यह सीट झामुमो के पास ही रहने वाली है.
