पाकुड़ का किंग कौन! आलमगीर के जेल जाने के बाद झामुमो का खेल

रांची: विधान सभा चुनाव की तेज होती सरगर्मी के बीच आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष और पाकुड़ विधान सभा के पूर्व विधायक अकिल अख्तर ने निजी कारणों का हवाला देते हुए पार्टी की प्राथमिकता सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंप दिया. पिछले कई महीनों से संताल की सियासत में अकील अख्तर को लेकर कयासों का बाजार गर्म था, बावजूद इसके वह लोकसभा चुनाव में राजमहल संसदीय सीट से एनडीए प्रत्याशी ताला मरांडी के लिए प्रचार-प्रसार में सक्रिय थें. दूसरी तरफ कैश कांड में जेल में बंद पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के बेटे और कांग्रेस प्रदेश महासचिव तनवीर आलम की सक्रियता महागठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में नदारद थी. कांग्रेस इस बात की आशा कर रही थी कि तनवीर आलम महागठबंधन के पक्ष में सक्रियता दिखलायेंगे, लेकिन तनवीर विजय हांसदा के पक्ष में सक्रिय नजर नहीं आये.
एक दूसरे के प्रतिद्वंदी रहे हैं आलमगीर और अकील अख्तर
पाकुड़ की सियासत में आमलगीर आलम और अकील अख्तर को एक दूसरे का प्रतिद्वंदी माना जाता है, मुस्लिम मतदाताओं पर दोनों की मजबूत पकड़ है. लेकिन अल्पसंख्यक समाज के बीच चुनाव चिह्न का भी अपना विशेष महत्व भी होता है. जिस भी किसी उम्मीदवार के पास कांग्रेस या झामुमो का चुनाव चिह्न होता है, आम रुप से अल्पसंख्यक समाज उसके साथ ही खड़ा होता है और यही कारण है कि वर्ष 2009 में 62,246 वोट के साथ जीत का परचम लहराने वाले अकील अख्तर को 2019 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी आलमगीर आलम के सामने महज 39 हजार 444 वोट के साथ संतोष करना पड़ा , जबकि आलमगीर आलम एक लाख 28 हजार 218 वोट के साथ जीत हासिल करने में सफल रहें. और यहीम से अकील अख्तर को इस बात का विश्वास होने लगा कि यदि जीत का परचम लहराना है तो एक बार फिर से घर वापसी का रास्ता तलाशना होगा. इस बीच आलमगीर आलम का कैश कांड में नाम सामने आने के बाद अकील अख्तर को अपनी राह खुलती नजर आयी.
आलमगीर के जेल जाने के बाद खेल करने की तैयारी में झामुमो
इस बीच खबर आ रही है कि अकील अख्तर झामुमो का दामन थामने की तैयारी में है. और यदि ऐसा होता है तो यह एनडीए के लिए एक बड़ा झटका साबित होगा, लेकिन यह तनवीर आलम के लिए भी कोई शुभ संकेत नहीं है. यह इस बात का भी इशारा है कि चुनावी अखाड़े में एंट्री के लिए कतार में खड़े तनवीर आलम का इंतजार अभी और भी लम्बा खींच सकता है. दरअसल यदि अकील अख्तर झामुमो का दामन थामते हैं तो यह उनकी घर वापसी होगी, इसके पहले वह वर्ष 2009 में झामुमो के टिकट पर विधान सभा पहुंच चुके हैं. लेकिन 2014 में कांग्रेस के आलमगीर के हाथों करीबन 18 हजार मतों से मात खानी पड़ी थी, जबकि वर्ष 2019 में यह सीट महागठबंधन के तहत कांग्रेस के पास चली गयी, जिसके बाद अकील अख्तर ने आजसू का दामन थाम लिया, लेकिन कैश कांड में आलमगीर आलम का मंत्री पद से विदाई और जेल यात्रा के बाद अब अकील अख्तर का आजसू का साथ छोड़ने का फैसला , इस बात का साफ इशारा है कि संताल की सियासत में कुछ बड़ा उलटफेर होने वाला है. जिस तरीके से आलमगीर आलम के पीएस के नौकर के घर से करीबन 35 करोड़ की राशि बरामद हुई है, उसके कारण संताल की सियासत में आलमगीर की छवि पर असर पड़ा है. इस हालत में झामुमो की रणनीति इस बार यह सीट अपने पास रखने की है, और कांग्रेस के रणनीतिकारों को इस बात का संकेत दे दिया गया है.
पाकुड़ के बदले कांग्रेस को दूसरी सीट का ऑफर
साफ है कि भ्रष्टाचार के जिस आरोप से आलमगीर आलम फिलहाल घिरे नजर आ रहे हैं. और साथ ही उम्र के जिस पड़ाव पर खड़े हैं, उस स्थिति में झामुमो की रणनीति आमलगीर आलम के बजाय अपने पुराने सिपहसलार अकील अख्तर को अखाड़े में उतारने की है, पाकुड़ के बदले कांग्रेस को दूसरी सीट दिया जा सकता है. यानि कुल मिलाकर अंदर ही अंदर संताल की सियासत में भ्रष्टाचार का प्रतीक बन कर सामने आये आलमगीर आलम को सियासी परिदृश्य से दूर करने की रणनीति तैयार की जा रही है, बाद में यदि सब कुछ सामान्य हुआ तो तनवीर आलम के लिए विकल्प तलाशा जायेगा.
