पूर्वी जमशेदपुर में रघुवर दास और सरयू राय के बीच एक और सियासी भिड़ंत!

रांची: बाबूलाल के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव में आदिवासी बहुल सारी सीटों से सफाये के बाद एक बार फिर से झारखंड की सियासत में रघुवर दास की वापसी के दावे तेज हैं. सियासी गलियारों इस बात की काना-फूसी जारी है कि भाजपा हाईकमान विधान सभा चुनाव के पहले-पहले एक बार फिर से रघुवर दास को मोर्चे पर तैनात करने वाली है. खुद रघुवर दास के समर्थक भी इन दावों को दुहराते दिखलाई पड़ रहे हैं. हालांकि इन खबरों के बीच जिस तरीके से ओडिशा के राजभवन से ललित कांड सामने आया है और इधर जमशेदपुर  में भतीजे की जो कहानियां आ रही है, उस हालात में रघुवर दास की वापसी भाजपा के लिए एक  मुश्किल भरा फैसला साबित हो सकता है. लेकिन यह चर्चा तेज है कि रघुवर दास एक बार फिर से पूर्वी जमशेदपुर के अपने पंरपरागत सीट से ताल ठोकने की तैयारी में है, और यदि किसी विशेष परिस्थिति में वापसी नहीं भी होती है तो अपने पतोह को चुनावी अखाड़े में उतारने की हसरत रखते हैं. जबकि दूसरी उनके चिर प्रतिद्वंधी रहे सरयू राय इसी सीट से एक बार फिर से मैदान में कूदने की तैयारी में है, इसका ताना-बाना बूना जा रहा है, जीत की सियासी बिसात बिछाई जा रही है, हेमंत से लेकर नीतीश तक चारा डाला जा रहा है.

जदयू के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरने की तैयारी

ताजा दावा यह है कि वह जदयू के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरेंगे, और यह सब कुछ एनडीए खेमे में रहकर ही होगा. लेकिन जिस तरीके से बिहार की सियासी हवा एक बार फिर से दूसरी दिशा में मुड़ती नजर आ रही है. यदि वह उसी दिशा में आगे बढ़ती रही तो झारखंड विधान सभा चुनाव के पहले ही भाजपा -जदयू की जुदाई  की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता. इस हालत में क्या जदयू अपनी ताकत के भरोसे सरयू राय को विधान सभा तक पहुंचाने का मादा रखती है? सरयू राय के सामने यह एक यक्ष सवाल होगा? उनकी चाहत तो भाजपा को कटघरे में खड़ा करते हुए भी भाजपा के आधार वोट के सहारे जीत की वरमाला पहनने की थी, और यदि जदयू भाजपा का रिश्ता ही खत्म हो जाता है, तो फिर इस सियासी सपने का हश्र क्या होगा? जदयू को मजबूती प्रदान करना सरयू राय की सियासी आकांक्षा कभी नहीं हो सकती, हां, जदयू के सहारे जीत का सेहरा पहनने की हसरत जरुर है.

रघुवर दास के पास विकल्प क्या होगा?

लेकिन इससे अगल हटकर यदि हम यह स्वीकार भी कर लें कि भाजपा जदयू के रिश्तों में यह एकजुटता फिलहाल बनी रहने वाली है और भाजपा सियासी मजबूरी में सही पूर्वी जमशेदपुर की सीट जदयू की झोली में डालने वाली है, इस हालत में रघुवर दास के पास विकल्प क्या होगा? क्या रघुवर दास जो इस सीट से पांच बार के विधायक रहे हैं, हथियार डाल देंगे या खुद ही निर्दलीय मैदान में कूद कर सरयू राय के सामने चुनौती पेश करेंगे? यहां एक साथ तीन परिस्थितियां बनती दिखलाई देती है. पहला तो रघुवर दास भाजपा के उम्मीदवार होंगे, और सामने सरयू राय चुनौती होगी, यह चुनौती जदयू के बनैर तले भी हो सकती है या इसके बगैर भी, यानि भाजपा झारखंड में जदयू के अपने साथ रखने इंकार कर देती है. दूसरी परिस्थिति यह बन सकती है कि जदयू भाजपा में सहमति बन जाय और सरयू राय पूर्वी जमशेदपुर से एनडीए का उम्मीदवार हो, इस हालत में रघुवर दास के सामने निर्दलीय मैदान में कूदने का  विकल्प खुला है, और एक परिस्थिति यह भी हो सकती है कि सरयू राय एनडीए का उम्मीदवार  हो और रघुवर दास अपने किसी संबंधी को निर्दलीय मैदान में उतार कर इस लड़ाई को एक रोचक मोड़ पर खड़ा दें. यानि हर सूरत में सरयू राय को रघुवर दास के सियासी रसूख से टकराना ही होगा, और रघुवर दास के सियासी पराभव पर ही एक बार फिर से पूर्वी जमशेदपुर से विधान सभा पहुंचने की हसरत पूरा होगी. 

क्या एक बार फिर से 2019 का कारनामा कर पायेंगे सरयू राय?

इस हालत में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सरयू राय एक बार फिर से 2019 का कारनामा करने में सफल होंगे या वह दौर दूसरा दूसरा था, यह दौर दूसरा है कि कहानी चरितार्थ होने वाली है. इसके लिए बेहद जरुरी है कि पूर्वी जमशेदपुर से अब तक के सियासी संघर्ष को टटोला जाय. आपको बता दें कि पूर्वी जमशेदपुर में पहली बार कमल खिलाने का श्रेय दीना नाथ पांडे को जाता है. 1977 में दीनानाथ को पहली सफलता मिली थी, जिसके बाद 1980  में दीनानाथ ने दूसरी बार कमल खिलाने सफलता प्राप्त की, लेकिन 1985 में कांग्रेस ने दारयुस नरीमन को आगे कर एक बार फिर से यह सीट अपने नाम कर लिया. 1990 में दीनानाथ पांडेय ने एक और वापसी की और इस प्रकार इस सीट पर तीसरी बार कमल खिला,  लेकिन 1995 में कमल खिलाने वाले दीनानाथ को विदाई देते हुए भाजपा ने इस सीट की बागडोर रघुवर दास के हाथों में सौंप दी, और उसके बाद रघुवर दास ने लगातार पांच बार कमल खिलाने का रिकार्ड कायम किया. 

अब तक के चुनावी संघर्ष से सबक

यदि इसे हम इसे और भी सिलसिलेदार तरीके से समझने की कोशिश करें तो वर्ष 2000 में कांग्रेस ने रघुवर दास को रोकने के लिए केपी सिंह को आगे किया, लेकिन केपी सिंह महज 22,395 वोट पर सिमट गयें, जबकि रघुवर दास ने 70,358 के साथ अपनी दूसरी जीत दर्ज की. 2005 में कांग्रेस ने रामाश्रय प्रसाद को आगे लाया, लेकिन रामाश्रय प्रसाद भी 46,718 पर विखर गयें, जबकि रघुवर दास ने 65,116 के साथ पूर्वी जमशेदपुर पर तीसरी बार अपना झंडा बुलंद कर दिया. 2009 में गठबंधन के खाते यह सीट जेवीएम(पी) के खाते में गयी और बाबूलाल ने अभय सिंह को आगे किया, लेकिन अभय सिंह तो और भी कागजी साबित हुए, उन्हे 33,202 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा, जबकि रघुवर दास एक बार फिर एक बड़े मार्जिन (56,165 ) के साथ चौथी  जीत दर्ज करने में सफल रहें.  वर्ष 2014 में  यह सीट एक बार फिर से कांग्रेस के पास गयी और कांग्रेस ने आनंद बिहारी दुबे को आगे किया, लेकिन  आनंद बिहारी दुबे  भी 33,270 से आगे का आंकड़ा पार  पार करते करते हांफने लगे. जबकि रघुवर दास ने 103,427 वोट के साथ लगातार पांचवी जीत दर्ज की. 

जब सीएम रहते टूट गया छक्का लगाने की हसरत

लेकिन वर्ष 2019 में बड़ा उलटफेर हुआ, सीएम रहते हुए भी रघुवर दास इस सीट से छक्का लगाने से चुक गयें और उन्ही के कबिना मंत्री रहे सरयू राय ने करीबन 15 हजार से शिकस्त देने में कामयाबी हासिल की, इस मुकाबले जहां सरयू राय को 73,945 वोट मिले वहीं रघुवर दास को 58,112 पर सिमटना पड़ा और कांग्रेसी उम्मीदवार गौरव बल्लभ पंत को महज 18,976 के साथ तीसरे स्थान पर सिमटना पड़ा. कहा जा सकता है कि गौरव बल्लभ पंत ने कांग्रेस की मिट्टी पलीद कर दी. इस हालत में यह सवाल खड़ा होना लाजमी है कि क्या सरयू राय के हाथों एक बार फिर से रघुवर दास को सियासी शिकस्त का सामना करना पड़ेगा?  या 2019 के बाद उस दामोदर में काफी पानी बह चुका है, जिसकी सफाई के लिए सरयू राय आन्दोलन चलाने का दावा करते रहे हैं. यदि हम उस समय की परिस्थितियों को समझने की कोशिश करें तो रघुवर दास के खिलाफ आदिवासी समाज के बीच एक गहरी बेचैनी थी, जिस तरीके से भाजपा ने अर्जुन मुंडा और दूसरे आदिवासी चेहरों को दरकिनार वैश्य जाति से आने वाले रघुवर दास को सीएम बनाने का फैसला लिया, झारखंड को पहला गैर आदिवासी और वह भी कुड़मी आदिवासी से बाहर जाकर वैश्य समाज से चेहरा दिया. इसका दर्द आदिवासी समाज के साथ ही मूलवासी समाज में भी देखी गयी और फिर रही सही कसर खुद रघुवर सरकार की नीतियों ने पूरा कर दिया. जिस तरीके लैंड बैंक के नाम पर आदिवासी समाज की जमीनों पर नजर जमाई गयी, सीएनटी और एसपीटी में संशोधन किया गया, उसके कारण यह बेचैनी और भी घनिभूत होने हुई, जिसकी झलक विधान सभा चुनाव के पहले ही पत्थलगड़ी आन्दोलन के रुप में सामने आया, लेकिन रघुवर दास को अंतिम समय यह भ्रम रहा है कि पूरे देश में पीएम मोदी का जादू चल रहा है, और इस जादू में किसी भी सियासी ताकत के बूते की बात नहीं है कि भाजपा की वापसी को रोक दें, इसी अंहकार में आजसू के साथ भी रिश्ता खत्म किया गया, रघुवर दास अपने सरकार के खिलाफ जमीन पर उबलते आक्रोश को समझने में बूरी तरह असफल रहें. इसके साथ ही उनके व्यवहार में भी काफी बदलाव आया, जमीन मुद्दों पर काम करने के बजाय डबल इंजन का राग अलापा जाता रहा, लेकिन जब मुकाबले का वक्त आया, तो जनता ने उस डबल इंजन से मुक्ति का फरमाना जारी कर दिया, जिसे रघुवर दास विकास की गांरटी बतलाते घूम रहे थें. हालांकि उस विकास में आदिवासी-मूलवासी समाज का कल्याण कितना था, यह दावा शुरु से ही सवालों के घेरे में था, और रघुवर शासन काल का दूसरा सच यह भी है कि आज भ्रष्टाचार के जितने भी मामले सामने आ रहे हैं, उसका एक सिरा उसी रघुवर राज से जुड़ता नजर आता है, जरा सी जांच आगे बढ़ती है कि झामुमो के बजाय गला भाजपा नेताओं की फंसती नजर आने लगती है और दूसरी तरफ आज भी जिस तरीके जमशेदपुर से लेकर ओडिशा के राजभवन से उनके परिजनों की जो खबरे आ रही है, वह भाजपा को संकट में डालने वाला है, इस हालत में क्या सरयू राय के हाथों रघुवर दास का एक और सियासी शिकस्त  होगा? और क्या रघुवर दास को भी इसका एहसास है, और इसी कारण से बीच-बीच में पतोह को सियासी अखाड़े में उतराने की चर्चा होती है, स्थिति चाहे जो भी हो, लेकिन इस बार भी पूर्वी जमशेदपुर की जीत हार एक बार फिर से कांग्रेस और महागठबंधन की रणनीति से तय होगा. सरयू राय की जीत और हार इस बात पर भी निर्भर करेगा कि पूर्वी जमशेदपुर में महागठबंधन का चेहरा कौन होगा? 

अगड़ी जाति के चेहरे के सहारे रघुवर को रोकने की रणनीति पर पुनर्विचार

एक बात तो साफ है कि अब तक कांग्रेस और खुद बाबूलाल ने केपी सिंह, रामाश्रय प्रसाद, अभय सिंह, आनंद बिहारी दुबे और गौरव वल्लभ जैसे तमाम अगड़ी जाति के चेहरों को मैदान में उतार कर देख लिया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी. यह ठीक है कि आखिरकार सरयू राय को  कामयाबी मिल गयी, लेकिन वह एक विशेष परिस्थिति थी, लेकिन हर बार एक ही तुक्का चल जाये, इसकी कोई गारंटी नहीं है. और खुद सरयू राय को इस बात का भान है, और यही कारण है कि डायरेक्ट नहीं तो इनडायरेक्ट ही सही वह भाजपा से सहयोग की अपेक्षा कर रहे हैं, लेकिन मुश्किल यह है अपनी तमाम कमियों के बावजूद जमशेदपुर की सियासत पर रघुवर दास का एक मजबूत पकड़ है और इसके साथ ही झारखंड में उस वैश्य जाति का मजबूत चेहरा है, जिसे भाजपा का कोर वोटर माना जाता है. इस हालत में भाजपा रघुवर दास की कीमत पर सरयू राय को स्वीकार तो कदापी नहीं कर सकती. शायद, भाजपा की इसी उलझन को दूर करने के लिए सरयू राय ने भाया जदयू कमल खिलाने की तैयारी की है. लेकिन भाजपा यह कमल का खिलेगा या नहीं इसका फैसला भी रघुवर दास के चाल पर निर्भर करेगा, यदि कांग्रेस जदयू के इस सियासी भिड़ंत में रघुवर दास ने अपने किसी संबंध को निर्दलीय मैदान में उतारने का जोखिम ले लिया तो महागठबंधन के लिए यह राहत भरी खबर हो सकती है, लेकिन फिर से वही सवाल महागठबंधन का चेहरा कौन होगा, क्या कांग्रेस- झामुमो अपने पुराने प्रयोग से सबक सिखेगी, क्या जमशेदपुर के सामाजिक समीकरण को देखते हुए किसी पिछड़े चेहरे पर दांव लगायेगी?

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More