झाबर सिंह के बयान पर बरसे गोविंद सिंह डोटासरा, कहा- संविधान को नहीं मानती भाजपा

जयपुर, 15 जुलाई  राजस्थान सरकार में मंत्री झाबर सिंह खर्रा के तीन बच्चों वाले बयान पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने झाबर सिंह के बयान का जिक्र कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।

गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, “राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और इंडिया गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में कहा था कि पीएम मोदी 400 पार सीटें इसलिए चाहते हैं कि वह संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण को खत्म कर सकें। राजस्थान के मंत्री झाबर सिंह ने अपने बयान से इस बात की पुष्टि कर दी है।”

कांग्रेस नेता ने झाबर सिंह के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने साफ कर दिया है कि केंद्र या राज्य सरकार इस तरह का कानून लाने जा रही है, जिनके तीन या उससे अधिक बच्चे होंगे। उनको सरकार की किसी भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा। ये संविधान की मूल अवधारणा के खिलाफ है। अभी तक कोई कानून लाया नहीं गया है, लेकिन झाबर सिंह का ये बयान निंदनीय है। वह अपने बयान से भाजपा और आरएसएस की सोच को पेश कर रहे हैं, क्योंकि वह संविधान को मानने वाले लोग नहीं हैं।

उन्होंने संविधान की बात करते हुए कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने लोगों को हर एक चीज का अधिकार दिया है।

ऐसे मेें लोगों के अधिकारों को कैसे समाप्त कर सकते हैं। भाजपा के लोग संविधान को नहीं मानते हैं, वे आरएसएस के संविधान में यकीन रखते हैं, इसलिए जनता ने उन्हें पूर्ण बहुमत नहीं दिया।

गोविंद सिंह डोटासरा ने उपचुनाव में मिली हार को लेकर भी भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि हाल में 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे। जनता ने वहां भी भाजपा को नकार दिया है और राजस्थान में पांच सीटों पर होने वाले उपचुनाव में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। मेरा मानना है कि वह ऐसे बयान देकर देश का माहौल खराब करना चाहते हैं। संविधान को कोई भी समाप्त नहीं कर सकता है।

दरअसल, राजस्थान सरकार के मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने एक बयान में कहा कि अगर किसी के दो या तीन बच्चे होंगे तो उन्हें सरकारी योजनाओं का फायदा नहीं मिल पाएगा। झाबर सिंह खर्रा के बयान पर प्रदेश में जमकर बयानबाजी हो रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More