पटना में दो बच्चों के शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

पटना, 15 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के पटना जिले के बेउर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक पानी के गड्ढे से पुलिस ने दो नाबालिगों के शव बरामद किए हैं।

परिजनों का आरोप है कि उनकी पीट-पीटकर कर हत्या की गई और शवों को पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, बेउर थाना क्षेत्र के अंतर्गत करीब 70 फीट के पानी भरे गड्ढे से दो बच्चों के शव बरामद किए गए हैं। सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो उन्होंने शवों को देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

मृतकों की पहचान विवेक कुमार और प्रत्युष कुमार के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 10 से 12 साल के बीच बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के सरिस्ताबाद के रहने वाले दोनों बच्चे रविवार की शाम से ही लापता थे।

परिजनों ने रविवार को काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सोमवार सुबह इन दोनों के शव बरामद किए गए।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। मृतक के परिजन अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों शवों की आंख में भी जख्म के निशान हैं। हालांकि, पुलिस पानी में डूब कर मौत की भी बात भी कर रही है।

–आईएएनएस

एमएनपी/एफजेडी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More