भ्रष्टाचार पर बात करते हुए तेजस्वी को शर्म आनी चाहिए : उपेंद्र कुशवाहा

पटना, 12 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में गिर रहे पुल-पुलियों पर सियासत जारी है। प्रदेश में गिर रह पुल को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। तेजस्वी यादव आए दिन बिहार सरकार पर जुबानी हमला बोल रहे हैं, जिस पर आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने शुक्रवार को पलटवार किया है।

‘सुशासनी भ्रष्टाचार के मीनार गिर रहे हैं’, बिहार में गिर रहे पुल पर तेजस्वी के इस बयान पर पलटवार करते हुए कुशवाहा ने कहा कि भ्रष्टाचार पर बोलते हुए उनको शर्म आनी चाहिए। बिहार उनके (आरजेडी) के शासन काल में भ्रष्टाचार से त्रस्त था। आरजेडी के लोगों के ऊपर अभी भी कई आरोप हैं। उनके परिवार के ऊपर कई आरोप साबित हो चुके हैं, कई मामले में सजा हो चुकी है। इसके बावजूद भी ये भ्रष्टाचार पर बोलते हैं, तो सुनने वाले लोग हंसेंगे।

दिल्ली जाने के उद्देश्य को लेकर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि इसमें कोई खास बात नहीं है। किसी भी बड़े नेता से मुलाकात की कोई बात नहीं है। दिल्ली आना-जाना लगा रहता है, इसे अलग नजर से न देखा जाए। वहीं, नीतीश कुमार द्वारा अधिकारियों को पैर पकड़ने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि यह कोई विषय नहीं है जिस पर चर्चा की जाए।

बता दें कि तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि बिहार में पुल नहीं 18 वर्षों के सुशासन भ्रष्टाचार के मीनार गिर रहे हैं। प्रतिदिन पुल गिरने के मामले में एनडीए सरकार ने करप्शन और वर्स्ट गवर्नेंस के मामले में विश्व रिकॉर्ड बनाया है। विगत तीन हफ़्तों में अभी तक 17 पुल गिरे हैं। पुलियों के गिरने और धंसने की तो कोई गिनती ही नहीं।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More