1500 पीजीटी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र का तोहफा! शिक्षा के क्षेत्र में मिशनरियों के योगदान को सीएम हेमंत ने किया याद

रांची: आखिरकार लम्बे अर्से से वाट जोह रहे पीजीटी शिक्षकों को सीएम हेमंत के हाथों नियुक्ति पत्र का तोहफा मिल गया. धुर्वा के तारा मैदान में नियुक्ति पत्र का  वितरण करते हुए सीएम हेमंत ने कहा कि पहले स्कूल ऑफ एक्सिलेंस की स्थापना और आज एक्सिलेंट शिक्षकों को नियुक्ति पत्र झारखंड को शिक्षा के क्षेत्र में स्थापित करने एक बड़ा कदम साबित होगा. आशा है कि एक्सिलेंट शिक्षक झारखंड को शिक्षा के उच्चतर मुकाम पर स्थापित करने में अपना सहयोग करेंगे.  इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में मिशनरियों की भूमिका की सराहना करते हुए सीएम हेमंत ने कहा कि यदि  मिशनरियां नहीं होती, तो पता नहीं आज झारखंड के आदिवासी -मूलवासी समुदाय की शैक्षणिक स्थिति क्या होती. इन्ही मिशनरी भाइयों के सहयोग से आदिवासी समाज की शैक्षणिक स्थिति में बदलाव आया, और आज हमें पढ़े -लिखे आदिवासी देखने को मिल रहे हैं.नहीं तो आप ढूंढिए कितने आदिवासी पढ़-लिख सके या उच्च पदों पर क्या स्थिति है. आज भी आदिवासी-मूलवासी समाज देश के शीर्षस्थ पदों से दूर है.

जिस देश का राजा व्यापारी होगा, उस देश की प्रजा भिखारी होगी

इसके साथ ही एचईसी के हालत पर अपनी व्यथा का इजहार करते हुए सीएम हेमंत ने कहा कि कभी यहां  30 हजार लोग काम करते थें. एचईसी को रांची का शान समझा जाता था, लेकिन आज 10 हजार कर्मचारी भी नहीं है, और जो हैं, वर्षों से  सैलरी का वाट जोह रहे हैं. यदि यही एचईसी राज्य सरकार के हाथ में होती तो आज इसकी दिशा और दशा कुछ और होती. चाणक्य को याद करते हुए सीएम हेमंत ने कहा कि कभी उस महान नीतिकार ने कहा था कि जिस देश का राजा व्यापारी होगा, उस देश की प्रजा भिखारी होगी. आज चाणक्य की चेतावनी सत्य साबित हो रही है. रेल, एयरपोर्ट और बंदरगाह सभी बेचे जा रहे हैं, पता नहीं आगे वाले दिनों में बेचने के लिए कुछ रहेगा भी या नहीं. एक सियासी साजिश के तहत मुझे जेल भेजा गया. लेकिन आज सच्चाई सबके सामने है. कई बार हमारा आदिवासी समाज भाजपा के इस षडयंत्र को समझ नहीं पाता, लेकिन हम लोहा लेते रहेंगे, हमारे रहते आदिवासी-मूलवासी समाज के साथ हकमारी नहीं हो सकती.

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More