विधान सभा चुनाव 2024: सिंदरी में किसका जोर! कमल का जलवा या किसी बड़े खेल की तैयारी में झामुमो!

सिंदरी: कोयलानगरी धनबाद से करीबन 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सिंदरी की पहचान देश के पहले उर्रवक फैक्ट्री के रुप में है. सिंदरी उर्वरक और रसायन लिमिटेड की आधारशीला वर्ष 1945 अंग्रेज सरकार के द्वारा रखी गयी थी, 31 अक्टूबर 1951 से  उत्पादन की शुरुआत हुई.  उस वक्त  इसके उद्घाटन के अवसर पर तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने देश को संबोधित करते हुए कहा था कि आज सिर्फ एक उर्वरक कारखाने का उद्घाटन नहीं किया जा रहा, बल्कि आधुनिक भारत के मंदिर की आधारशीला भी रखी जा रही है. हालांकि कभी हजारों मजदूरों को रोटी-रोटी देने वाला सिंदरी कारखाने को दुर्दिन का शिकार भी होना पड़ा, कई वर्षों तक बंद रहने के बाद, वर्ष 2024 में  एक बार फिर से इसका उद्घाटन  हुआ. फिलहाल उर्वरक का उत्पादन जारी है.

कहां से आया सिंदरी शब्द 

सिंदरी शब्द को लेकर भी कई दावे हैं, कई लोगों का  मानना है कि इस शब्द की उत्पति सिंदूर शब्द से हुई है, चूंकि यहां की मिट्टी लेटराइट है, यानि सिंदूरी रंग की है, इसे कारण इसे सिंदरी कहा जाता है, जबकि कुछ जानकारों के द्वारा इस  शब्द को मुंडारी और संताली भाषा से भी जोड़ा जाता है. कुछ लोगों का दावा है कि सिंदरी सुंदर शब्द से बना है, कभी सिंदरी काफी हरा-भरा इलाका होता था, और मुंडा-संताल आदि जनजातियों का आवास स्थल होता था. हालांकि आदिवासी समाज में सुंदर जैसा शब्द होता है या नहीं यह भी खोज का विषय है. क्योंकि सुंदर शब्द का प्रयोग तो मुख्यतः हिन्दी भाषा में होता है.

कृषि के लिए बंजर जमीन पर सियासी फसल

सच्चाई चाहे जो हो, लेकिन कृषि के लिए अनुपयुक्त माने जाने वाली इस जमीन पर सियासी फसल हमेशा लहराता रहा. सिंदरी उर्वरक जैसा सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी होने के बावजूद स्थानीय लोगों की गरीबी भूखमरी दूर नहीं हुई, सिंदरी टाउनशिप के नाम से पूरे विश्व में चर्चा में आने वाली सिंदरी शहर  आज गुमनामी का शिकार है. जिस सिंदरी कारखाना को स्थापित करने के लिए स्थानीय निवासियों से जमीन ली गयी थी, आज भी उन्हे विस्थापन पत्र मिलने का इंतजार है. विस्थापन प्रमाण पत्र के अभाव में उन्हे कई सरकारी सुविधाओं से मरहूम होना पड़ रहा है. चुनाव दर चुनाव, वही नारे और आश्वासनों की घूंटी मिलती है. लेकिन चुनाव खत्म होने के साथ ही इन आश्वासनों को अगले चुनाव के लिए तिजोरी में बंद कर दिया जाता है. फिर  जैसे ही चुनावी  संग्राम की शुरुआत होती है, इन आश्वासनों की पोटली को एक बार फिर से झाड़ पोछ कर बाहर निकाला जाता है.

पांच में चार बार खिला कमल

इस हालत में यह सवाल खड़ा होता है कि आने वाले विधान सभा चुनाव में इस बार का सियासी समीकरण क्या होगा? वर्ष 2000 से सिर्फ एक  बार 2009 जब झाविमो के फूलचंद मंडल को जीत मिली थी, लगातार भाजपा का कमल खिलता रहा है, इस बीच कई बार उसकी सरकार  आयी गयी लेकिन सिंदरी के मूलभूत मुद्दे अपने जगह बरकरार रहे. यदि हम इसके पन्नों को खंगालने की कोशिश करें तो वर्ष 2000 में सिंदरी से भाजपा के फूलचंद मंडल को जीत मिली थी. तब फूलंचद मंडल को 42,604 मत प्राप्त हुआ था, जबकि मार्क्सवादी समन्वय समिति के आनंद महतो के हिस्से में 37,861 वोट आया था. झामुमो के हफीजुद्दीन अंसारी को  35,876 वोट लाकर तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. वर्ष 2005 में भाजपा ने राजकिशोर महतो को आगे किया, राजकिशोर महतो को 41,361 के साथ जीत की वरमाला मिली, जबकि इस बार मार्क्सवादी समन्वय समिति के आनंद महतो के हिस्से 34,358 मत आया, जबकि झामुमो के हफीजुद्दीन अंसारी इस बार तीर धनुष छोड़ कर सपा की सवारी कर बैठे थें, उन्हे 23,937 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा, और झामुमो ने मन्नू आलम को आगे कर 23,792 मत प्राप्त किया. लेकिन वर्ष 2009 में बाबूलाल मरांडी ने 2000 में सिंदरी  में कमल खिलाने वाले फूल चंद मंडल को बार कंधी थमा दिया और वर्ष 2000 के बाद पहली बार भाजपा को शिकस्त मिली. मार्क्सवादी समन्वय समिति के आनंद महतो इस बार भी 36,288 वोट लाकर दूसरे स्थान पर मौजूद रहें. जबकि भाजपा के राज किशोर महतो को 18,793 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. लेकिन 2014 आते-आते फूलचंद मंडल कंधी को झटका देते हुए एक बार फिर से कमल की सवारी कर बैठे, जबकि भाजपा ने वर्ष 2000 में जीत के बाद इसी फूलचंद मंडल को किनारा करते हुए राज किशोर महतो पर दांव लगाया था और जीत भी दर्ज की थी, बाबूलाल के बदौलत एक बार फूलचंद मंडल की मुख्यधारा में वापसी हुई, लेकिन जीत के साथ ही  फूलचंद मंडल को भाजपा की याद आने लगी. इस बार भाजपा की सवारी करते हुए फूलचंद मंडल ने 58,623 के साथ अपनी तीसरी जीत दर्ज की और मार्क्सवादी समन्वय समिति के आनंद महतो 52,075 के साथ चौथी बार हार का स्वाद चखने को अभिशप्त हुए. वर्ष 2019 में भाजपा ने एक बार फिर से फूलचंद महतो को झटका दिया, और कमल चुनाव चिन्ह  इंद्रजीत महतो को थमा दिया. इन्द्रजीत महतो को 80,967 के साथ जीत मिली और मार्क्सवादी समन्वय समिति के आनंद महतो 72,714 वोट के साथ पांचवी बार हार का रसास्वादन करने को बाध्य हुए.   जबकि भाजपा से बेटिकट होने के बाद फूलचंद मंडल ने इस बार झामुमो की सवारी करना पसंद किया लेकिन 33,583 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. 

आनंद महतो पर दांव लगा महागठबंधन पलट सकती है हारी बाजी 

इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि क्या लगातार हार और मार्क्सवादी समन्वय समिति के आनंद महतो के द्वारा लगातार दूसरा स्थान प्राप्त करता देख झामुमो किसी नयी रणनीति पर काम कर सकता है. क्या झामुमो की ओर से मार्क्सवादी समन्वय समिति के आनंद महतो को समर्थन का एलान किया जा सकता है, खबर है कि कोयलांचल में भाजपा को घेरने के लिए एक बड़े चक्रव्यूह की रचना तैयार की जा रही है. यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो मार्क्सवादी समन्वय समिति का झामुमो या माले में  विलय हो सकता है और यदि ऐसा होता है तो भाजपा के लिए कोयलांचल की कई सीटें एक ही झटके में फंसी नजर आ सकती है, क्योंकि निरसा सहित करीबन तीन से चार सीटें ऐसी है, जहां भले ही मार्क्सवादी समन्वय समिति को जीत  नहीं मिलती हो, लेकिन मजबूत जनाधार है, देखना होगा कि आने वाले दिनों में कोयलांचल की सियासत में कौन का रंग देखने को मिलता है.   

दो वर्षों से कौमा की हालत में हैं विधायक इंद्रजीत महतो 

आपको यह भी बता दें कि  वर्तमान विधायक इंद्रजीत महतो काफी लम्बे अर्से से हैदराबाद के अस्पताल में कोमा है,  इस बीच  बेटे विवेक ने भी डिप्रेशन की हालत में कीटनाशक खाकर अपनी जान दे दी. इस हालत में भाजपा के अंदर भी नये चेहरे की तलाश है. देखना होगा कि वह चेहरा फूलचंद मंडल तो नहीं होते है. लेकिन इस सबके बीच सभी की निगाहें मार्क्सवादी समन्वय समिति के संभावित विलय पर टिकी हुई है, मार्क्सवादी समन्वय समिति के संभावित विलय कोयलांचल की सियासत का अब तक का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइन्ट माना जा रहा है. जिसके बाद धनबाद की सियासत में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More