विधान सभा चुनाव 2024: धनबाद में राज सिन्हा की तीसरी पारी के सामने कांग्रेस का चेहरा कौन?

धनबाद: कोयलानगरी धनबाद की पहचान देश से सबसे बेशकीमती कोयला बिटुमिनिस को लेकर है. धनबाद और इसके आसपास करीबन 23 बड़ी भूमिगत  और नौ खुली खदानें है. एक जानकारी के अनुसार धनबाद में कोयला खनन की शुरुआत वर्ष 1894 में अंग्रेजों के द्वारा की गयी. लेकिन  बाद के दिनों में अंग्रेजों के वर्चस्व को गुजराती रेलवे ठेकेदारों के द्वारा चुनौती पेश की जाने लगी. धीरे-धीरे अंग्रेजों का आधिपत्य में दरार आया. सेठ खोरा रामजी चावड़ा को कोयला खनन में अंग्रेजों के एकाधिकार को तोड़ने वाला पहला भारतीय माना जाता है. दावा किया जाता है कि सेठ खोरा रामजी ने अपने भाइयों तेजा रामजी चावड़ा, जेठा लीरा जेठवा , अखोय रामजी चावड़ा, पचन रामजी चौरा के साथ 1894 और 1910 के बीच खास झरिया, गोल्डन झरिया, फतेहपुर, बलिहारी, खास जीनागोरा, ईस्ट बागतडीह में कई कोलवरियों को अपने हाथ में लिया. जैसे -जैसे खनन गतिविधियों तेज आयी, मजदूरों की खोज हुई और संयुक्त बिहार और यूपी से एक बड़ी आबादी का धनबाद और निकटवर्ती क्षेत्रों में बसावट हुआ. मजदूरों का जमावड़ा लगा तो मजदूर यूनियन की गतिविधियां भी तेज हुई. लेकिन मजदूर यूनियनों का झंडा हमेशा से अप्रवासी आबादी के हाथ रहा. स्थानीय आदिवासी-मूलवासियों की भागीदारी सीमित रही. आज भी धनबाद की अधिकांश आबादी बिहार और दूसरे राज्यों से आये लोगों की है. इसमें एक बड़ा हिस्सा खनन क्षेत्र से जुड़े मजदूर और परिजनों की है. 

झारखंड के दूसरे हिस्से से अलग है धनबाद का सियासी मिजाज

जनसंख्या में इसी बदलाव का नतीजा है कि धनबाद की सियासत में उन नारों और मुद्दों की अनुगूंज सुनाई नहीं पड़ती, जो झारखंड के दूसरे इलाकों में प्रतिध्वनित होता है. वह 1932 का खतियान हो या नौकरियों में झारखंडी युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग. झारखंडी अस्मिता का सवाल हो या स्थानीय भाषा और संस्कृति को लेकर विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच उठते आक्रोश का स्वर. धनबाद की सियासत में इन मुद्दों और नारों का कोई विशेष जोर नहीं चलता. यदि हम बात धनबाद विधान सभा की करें तो हमेशा से अगड़ी जातियों का जोर रहा.

अतीत के पन्नों को समझने की कोशिश

अतीत के पन्नों को खोल इसे और भी बेहतर तरीके से समझा जा सकता है. वर्ष 2000, जिस वर्ष झारखंड का गठन हुआ, और पहले मुख्यमंत्री के रुप में बाबूलाल मरांडी की ताजपोशी हुई , उस वर्ष के विधान सभा चुनाव में पशुपतिनाथ सिंह को धनबाद विधान सभा से जीत मिली थी. यह वह दौर था, जब झारखंड के कई इलाकों में राजद की धमक थी, इसमें धनबाद विधान सभा की सीट भी थी, वर्ष 2000 के मुकाबले में जहां पशुपति नाथ सिंह को 74,331 वोट मिले थें, वहीं राजद के प्रसादी साओ को 32,266 वोट  मिला था. वर्ष 2005 में पशुपतिनाथ सिंह के मुकाबले कांग्रेस की ओर से मन्नान मलिक को मैदान में उतारा गया, लेकिन 83,692 मतों के साथ एक बार फिर से बाजी पशुपतिनाथ सिंह के हाथ रही, मन्नान मलिक को 62,012 मत के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. वर्ष 2000 में 32,266 वोट के साथ  मजबूत उपस्थिति दर्ज करवाने वाला  राजद इस बार मुकाबले से बाहर था, राजद उम्मीदवार हातिम अंसारी महज 6,191 वोट के साथ संतोष करना पड़ा. लेकिन वर्ष 2009 आते-आते पशुपतिनाथ सिंह विधायकी छोड़ सांसद बन चुके थें,

पशुपति सिंह के बाद राज सिन्हा के हाथ में आयी कमान

इस बार भाजपा ने राज सिन्हा को मैदान में उतारा. राज सिन्हा ने मन्नान मलिक को मजबूत चुनौती तो जरुर पेश की, लेकिन वह जीत का परचम फहराने से नहीं रोक पायें, इस मुकाबले में मन्नान मलिक 55,641 वोट के साथ जीत की वरमाला  मिली और 54,751 वोट के साथ राज सिन्हा को हार का स्वाद चखना पड़ा. लेकिन 2014 आते-आते परिस्थितियों  में बदलाव आया. इस बार 132,091 मत के साथ राज सिन्हा जीत की माला अपने नाम कर गयें और 79,094  वोट के साथ मन्नान मलिक को  शिकस्त का सामना करना पड़ा. 2019 के मुकाबले में एक बार फिर से जीत राज सिन्हा के  नाम रहा, हालांकि वोट की संख्या में गिरवाट आयी, बावजूद इसके वह 120,773 के साथ सीट अपने नाम करने में कामयाब रहें. जबकि  पिछले मुकाबले में मिले 79,094 वोट के आंकड़े को आगे बढ़ाते हुए मन्नान मलिक ने कांटा 90,144 तक पहुंचा दिया, बावजूद हिस्से में हार मिली. 

इस बार का क्या होगा सियासी समीकरण 

इस हालत में यह सवाल खड़ा होता है कि इस बार का सियासी समीकरण क्या होगा? राज सिन्हा की तीसरी पारी होगी या कांग्रेस की ओर से कोई तुरुप का पत्ता सामने आयेगा. फिलहाल वैसा कोई चेहरा तो दिखलाई नहीं पड़ता. इस बीच मन्नान मलिक भी मुकाबले से बाहर हो चुके हैं. इस हालत में राज सिन्हा के सामने कोई बड़ा संकट नजर नहीं आता. लेकिन राज सिन्हा को भले ही कांग्रेस में चेहरे का संकट से राहत की उम्मीद हो, लेकिन  इस बार उनके लिए उससे भी बड़ा संकट भाजपा के अंदर से ही आता दिख रहा है

कोयलांचल में भाजपा के अंदर का घमासान

और उसका कारण है कोयलांचल में भाजपा के अंदर का घमासान, जहां सामने से नारे तो कुछ और होते है, लेकिन अंदर की सच्चाई कुछ और होती है. इसकी झलक लोकसभा चुनाव में भी देखने को मिली थी, जब ढुल्लू महतो की उम्मीदवारी को लेकर राज सिन्हा सहज नहीं थे. हालत यह हो गयी थी धनबाद की पूरी सियासत अगड़ा बनाम पिछड़ा में तब्दील हो गया था,  हालांकि अगड़ा बनाम पिछड़ा के इस खेल में बाजी भाजपा के हाथ आयी, लेकिन यदि यही अगड़ा बनाम पिछड़ा का खेल विधान सभा चुनाव में देखने को मिला तो राज सिन्हा का संकट गहरा सकता है. देखना होगा कि विधान सभा चुनाव में भाजपा के अंदर से कौन सा रंग बाहर आता है, जीत और हार का सारा दारोमदार उसी पर नजर आता है,  फिलहाल कांग्रेस किसी बड़े उलटफेर करने की स्थिति में दिख नहीं रही, लेकिन यदि लोकसभा चुनाव से सबक लेते हुए सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए चेहरे को सामने किया, तो बाजी पलटने की संभावना से इंकार भी नहीं किया जा सकता. हालांकि  कांग्रेस ऐसा कर पायेगी, इस पर कई सवालिया निशान है, क्योंकि अक्सर वह जीती बाजी भी हाथ से गंवा देती है, और यहां तो पहले से ही भाजपा की स्थिति मजबूत दिखलायी पड़ रही है, बावजूद इसके यदि कोई चमत्कार हुआ तो वह अलग बात होगी.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More