हरियाणा में कानून-व्यवस्था का निकला जनाजा : अजय चौटाला

करनाल, 11 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव के चलते राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर हमलावर हो गई हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्षी पार्टियां भाजपा को जमकर घेर रही हैं। जेजीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि, प्रदेश में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकल गया है।

अजय चौटाला गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी चर्चा करने के लिए करनाल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा पर हमला किया। उन्होंने कहा कि, प्रदेश में लोगों की सरेआम हत्या हो रही है। बदमाश बेलगाम हो गए हैं। सरेआम गोलियां चलाई जा रही हैं। व्यापारियों से फिरौती मांगी जा रही है।

भाजपा कहती है कि, हमने जनता के लिए चौबीस घंटे दरवाजे खोल दिए। इसका मतलब साफ है कि, साढ़े तीन साल पहले दरवाजे बंद थे, जो चुनाव के चलते 6 महीने के लिए खोल दिए गए हैं। आप देख रहे हैं, कि प्रदेश में क्या हो रहा है ?

आगामी चुनाव में अपनी पार्टी की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि, हम अलग-अलग जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। हम अपनी पार्टी को और मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है। हर जगह लोगों से हमें बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। वहीं इनेलो और बीएसपी के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि, शुभकामनाएं हैं।

बता दें, हरियाणा में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल तीन अक्टूबर को समाप्त होने वाला है। इसके चलते 90 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं।

–आईएएनएस

एसएम/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More