‘मुस्कुराइए, आप ऐसे प्रदेश में हैं, जहां ठेकेदार को पहले से पता है ऑनलाइन टेंडर का रिजल्ट’, बाबूलाल का तंज

धनबाद: सरकारी बाबूओं का सुस्त रफ्तार और फाइलों के कछुआ चाल पर आपको भी कई बार गुस्सा आया होगा, लेकिन हर बार यह भ्रम पाल लेना कि फाइल कछुआ चाल से ही आगे बढ़ेगा और जब तक फाइल अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचेगा काम की शुरुआत नहीं होगी, सरकार के प्रति आपके पूर्वाग्रह का भी नतीजा हो सकता है. यकीन मानिये, कई बार यह फाइल बूलेट की रफ्तार से भी दौड़ती है और कई बार तो गंतव्य स्थल तक पहुंचने के पहले ही काम की शुरुआत भी हो जाती है. यह कारनामा और कहीं हो या नहीं हो, लेकिन झारखंड में आप फाइलों की धीमी रफ्तार का रोना नहीं रो सकते. यदि फाइल कछुआ चाल से भी आगे बढ़ रहा है तो इसका मतलब कदापी नहीं है, इसके काम-काज प्रभावित होगा, फाइलें चाहे जहां अटकी पड़ी हो, भले ही अभी उस पर अंतिम मन्तव्य अंकित नहीं किया गया हो, लेकिन इसका मतलब नहीं है कि काम काज रुका रहेगा, उधर काम-काज भी चलता रहेगा और इधर फाइल भी अपने रफ्तार से बाबूओं का चक्कर लगा रही होगी, दरअसल यह कोई पहेली नहीं है, और ना ही कोई तंज है. यह तो धनबाद से चंदनकियारी को जोड़ने वाली गवाई पूल की सच्चाई है. यह वही चंदनकियारी है, जहां से नेता विपक्ष अमर बाउरी आते हैं, भला नेता विपक्ष के विधान सभा से जुड़ा मामला हो और  काम को सिर्फ इस बिना पर रोका जाय कि फाइलों की औपचारिकता पूरी नहीं हुई है, कहां का न्याय है? नेता प्रतिपक्ष का अपना रुतबा होता है, कौन सी सरकार उस रुतबे में गुस्ताखी करने की जुर्रत कर सकती है.

टेंडर के पहले काम काज की शुरुआत पर बाबूलाल का मलाल

दरअसल धनबाद से चंदनकयारी को जोड़ने वाली सड़क पर गवाई नदी का पूल काफी जीर्ण-शीर्ण हालत में है. तत्काल मरम्मत की जरुरत को देखते हुए सरकारी दफ्तरों में फाइल घूमते-घूमते,आखिरकार 16 जुलाई को टेंडर की तिथी निर्धारित की गयी है. जिसके बाद जिस संवेदक के हिस्से में काम आयेगा, वह औपचारिक रुप से पूल मरम्मती का कार्य आरम्भ करेगा. लेकिन यह तो औपचारिक प्रक्रिया है, ऑनलाइन टेंडर में किसी भी संवेदक के हिस्से यह काम जा सकता है, लेकिन सरकार की नियत साफ है. वह जनता के दुख दर्द को समझती है, नेता विपक्ष के विधान सभा के हालात को बदलने के लिए दृढ़ संकल्पित है. और शायद यही कारण है कि पूल ऑनलाइन टेंडर के पहले काम काज की शुरुआत हो चुकी है, ईट्ट, गिट्टी, बालू और सीमेंट सब कुछ पूल तक पहुंच चुका है. लेकिन नेता  विपक्ष के विधान सभा से जुड़े इस काम काज  से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल खुश नहीं है.

उपर से नीचे तक सभी मिठाई के डिब्बे के कद्रदान

सरकार की इस तत्परता पर सरकार को पीठ थपथपाने के बजाय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर तंज भरे अल्फाज में  लिखते हैं कि मुस्कुराइए, आप ऐसे प्रदेश के निवासी हैं जहां मुख्यमंत्री से लेकर ठेकेदार तक सभी अपना भविष्य जानते हैं, उन्हें पहले से ही पता है कि जिस टेंडर को भरने की आखिरी तिथि 15 जुलाई है, वो किसको दिया जायेगा।सरकार ने विकास योजनाओं में पारदर्शिता लाने के लिए कहने को तो सभी कार्य ऑनलाइन कर दिया है, पर फिर भी अगर आपकी पहुंच मुख्यमंत्री कार्यालय तक है, तो आपको हक है यह जानने का कि टेंडर आवंटन किसके नाम पर होगा!मुख्यमंत्री से लेकर अधिकारी और कर्मचारी तक सभी मिठाई के डिब्बे के बहुत बड़े शौकीन हैं। अगर मिठाई का डब्बा सही व्यक्ति तक पहुंचा दिया जाए तो किसकी मजाल की आपका काम रुकवा दे, किसकी मजाल कि टेंडर आपके नाम पर न आए। प्रदेश का हाल ऐसा हो गया है कि…पैसों के बिना कोई काम नहीं होता है, पैसों के बिना आपका नाम (टेंडर आवंटन लिस्ट में) नहीं होता है।

एनएच डिवीजन धनबाद से जुड़े एक अधिकारी का दावा

हालांकि बाबूलाल के इस तंज पर अभी तक झामुमो या सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं आया है, लेकिन एनएच डिवीजन धनबाद से जुड़े एक अधिकारी का दावा है कि पब्लिक इंटरेस्ट में काम की शुरुआत कर दी गयी है, आखिर पब्लिक इंटरेस्ट भी कोई चीज है ना, फिर किस लिए होती है, ऑनलाइन टेंडर में जिस भी संवेदक के हिस्से में  पूल का काम आयेगा, उससे यह राशि वसूल कर ली जायेगी, भला इसमें किसी को क्या आपत्ति हो सकती है, यह तो विकास को गति और जनता के दर्द को दूर करने का खांटी झारखंडी उपचार है.  बाकी आप तो खुद ही समझदार हैं.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More