किंग या किंग मेकर क्या होगा जयराम? कल्पना-हेमंत की जोड़ी का कहर! किस चेहरे के बूते खिलेगा कमल?

रांची: विधान सभा चुनाव की अनौपचारिक रणभेरी बज चुकी है. सियासी दलों के अंदर रणभूमि के लिए अस्त्र-शस्त्र की खोज तेज है, पुराने हथियारों में धार देने की कवायद जारी है. गड़े मुर्दों को एक बार फिर से बाहर निकाल कर रंग-रौदन किया जा रहा है. भले ही लोकसभा चुनाव में बांग्लादेशी घुसपैठ का हथियार संताल से लेकर कोल्हान तक फुस्स साबित हुआ हो, लेकिन आज भी भाजपाइसे संताल भेदने का अचूक हथियार मानती है. नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी को बांग्लादेशी घुसैपठ के सहारे झारखंड में भाजपा की घुसपैठ की मन्नत पूरी होती नजर आती है.

 

नये सियासी हथियार के बजाय वह उसी पुराने नुस्खे के सहारे आगे बढ़ते दिख रहे हैं. दूसरी तरफ पूर्व सीएम चंपाई सोरेन को कोल्हान का चूहा बताने वाले बाबूलाल अब रोजगार के मोर्चे पर हेमंत रिटर्न-टू को घेरने की रणनीति पर  आगे बढ़ते दिख रहे हैं. लेकिन सितम्बर माह तक 30 हजार युवाओं को नौकरी देने की कवायद तेज कर हेमंत रिटर्न टू की ओर से इस हथियार को भी भोथरा करने की तैयारी है.

इधर पूरा का पूरा महागठबंधन और उसके सियासी रणनीतिकार उसी नुस्खे पर आगे बढ़ते दिख रहे हैं, जिस नुस्खे से लोकसभा चुनाव में आदिवासी बहुल सीटों से भाजपा का सफाया हुआ. यानि हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को आदिवासी समाज की अस्मिता पर हमला बताने की चुनावी दवाई. लेकिन जिस हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को आदिवासी समाज का दर्द बता कर लोकसभा चुनाव में भाजपा को झटका देने में कामयाबी हाथ लगी, क्या हेमंत रिटर्न पार्ट टू में भी  वह नुस्खा काम आने वाला है?  इन सारे सवालों का जवाब तो भाजपा और महागठबंधन के पास होगा.

एक दर्जन सीटों पर जयराम की आहट

लेकिन इतना साफ है कि आदिवासी मतदाताओं के बीच हेमंत-कल्पना की जोड़ी एक बार फिर से कहर ढाने की तैयारी में है. दूसरी ओर कुड़मी और दूसरी पिछड़ी जातियों के बीच टाइगर जयराम महतो एक नयी उम्मीद लेकर आये हैं. जयराम महतो की इस सियासी एंट्री से झारखंड की सियासत में उलटफेर के बादल तैरने लगे हैं. यदि इस बार भी हेमंत-कल्पना की यह सफल जोड़ी, संताल से लेकर कोल्हान तक भाजपा के सफाये में कामयाब होती है, तो उसके हिस्से करीबन 28 से 29 सीट आ सकती है.

 

अपने खराब प्रदर्शन के बावजूद भी कांग्रेस और महागठबंधन के दूसरे घटक दल 10-12 सीट लाने में कामयाब होते हैं, तो गठबंधन का आकंड़ा 40-42 तक पहुंच सकता है. दूसरी ओर धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग और रांची की करीबन एक दर्जन सीटों पर जयराम की आहट सुनाई दे रही है. जिसमें सिल्ली, मांडू, टुंडी, बाधमारा, बेरमो, गिरिडीह, चंदनक्यारी और बोकारो विधान सभा की सीटें भी है, यदि इन दर्जन भर सीटों में से टाइगर के हिस्से 7-8 सीटों पर भी आती है. तो फिर एक बारगी सियासी समीकरण में बदलाव आ जायेगा, यानि सता की चाभी टाइगर के हाथ में होगी. और यह टाइगर जयराम के फैसले पर निर्भर करेगा कि झारखंड में भाजपा की वापसी होती है या फिर हेमंत 4.0 की सरकार बनती है, और उस 4.0 हेंमत की सरकार में टाइगर की भूमिका क्या होगी?

क्या भाजपा के साथ खड़ा होकर जयराम हेमंत की वापसी पर ताला लगा सकते हैं?

यहां सवाल सिर्फ मंत्री से लेकर निगम और दूसरे बोर्ड में हिस्सेदारी का नहीं है. सवाल उन मुद्दों का है, जिसे झामुमो और टाइगर जयराम के द्वारा अलग-अलग अंदाज में उठाया जाता रहा है. दोनों ही विचारधारा एक नजर आती है, जिस जल जंगल और जमीन की लड़ाई लडऩे का दावा झामुमो करती है, जयराम भी उसी राह चलते दिखलायी देते हैं, 1932 का खतियान हो या नौकरियों में झारखंडी युवाओं की भागीदारी दोनों की सियासत एक ही धारा में बढ़ती नजर आती है. हालांकि इस संघर्ष का अंदाज जुदा-जुदा है. इस हालत में एक बड़ा सवाल यह भी है कि जयराम महतो भाजपा के साथ खड़ा होकर झामुमो और महागठबंधन की वापसी पर ताला लगाने का फैसला कर सकते है? क्या जिन मुद्दों और वैचारिकी के साथ अब तक जयराम की सियासी यात्रा रही है, उन मुद्दों और नारों के साथ अपनी प्रतिबद्धता बनाये रखते हुए भी भाजपा के साथ मिलकर सत्ता का रसास्वादन किया जा सकता है या फिर हेमंत 4.0 का रास्ता साफ करना ज्यादा आसान होगा?

 

1932 का खतियान, स्थानीय भाषाओं को वरीयता, भूमि अधिग्रहण और मुआवजा, नौकरियों में झारखंडियों को आरक्षण आदि जिन मुद्दों लेकर टाईगर जयराम अब तक दहाड़ लगाते रहे हैं, क्या इसमें में किसी भी मुददे पर भाजपा साथ खड़ी नजर आ सकती है? यह देखना भी दिलचस्प होगा, विधान सभा चुनाव का परिणाम क्या होगा? अभी से इसकी पुख्ता भविष्यवाणी नहीं की सकती, लेकिन इतना तय है कि जयराम की एंट्री के बाद कई सीटों पर आजसू तो कई सीटों पर भाजपा और झामुमो का खेल बिगड़ने वाला है.

और इसके साथ ही झारखंड की सियासत में कांग्रेस-भाजपा का स्पेस भी कम होने वाला है. 2029 के विधान सभा चुनाव में टाइगर जयराम की पार्टी एक बड़े सियासी दल के रुप में सामने आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. टाइगर जयराम की हर सफलता की कीमत कांग्रेस और भाजपा को ही चुकानी होगी. झामुमो के पास अपना एक अलग वोट बैंक है, जिसमें सेंधमारी की कोई गुंजाईश नजर नहीं आती. जहां तक इस विधान सभा चुनाव की बात है, जयराम किंग बनते तो नजर नहीं आते, लेकिन किंग मेकर की संभावना से सिरे से इंकार भी नहीं किया जा सकता.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More