हिंदुओं के प्रति कांग्रेस की हिंसक मानसिकता निंदनीय : महंत राजूदास

अयोध्या, 10 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सनातन विरोधी बयान को लेकर हनुमानगढ़ी महंत राजूदास ने पार्टी को घेरा है। उन्होंने हिंदुओं के प्रति कांग्रेस की मानसिकता को हिंसक करार दिया है।

महंत राजूदास ने कहा, “दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी की मानसिकता हिंदुओं के खिलाफ हिंसक होती चली जा रही है। जिस प्रकार के बयान दिए जा रहे हैं कि हिंदू हिंसक हैं, राम मंदिर मूवमेंट को हमने हरा दिया और अब कर्नाटक में रामनगर का नाम बदलने की तैयारी भी की जा रही है। कांग्रेस पार्टी द्वारा सनातन पर लगातार कुठाराघात किया जा रहा है। हिंदू के प्रति कांग्रेस की मानसिकता हिंसक होना बहुत ही दुखद और निंदनीय है। ऐसे लोगों से सनातनियों को सावधान होने की जरूरत है।”

दरअसल, राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा था कि जो लोग अपने आप को हिंदू कहते हैं, वह 24 घंटे हिंसा, हिंसा, हिंसा, नफरत, नफरत, नफरत, असत्य, असत्य, असत्य करते रहते हैं। ये हिंदू हैं ही नहीं। आप हिंदू हो ही नहीं सकते। हिंदू धर्म में साफ लिखा है कि सत्य के साथ खड़ा होना चाहिए। सत्य से पीछे नहीं हटना चाहिए।

बता दें कि बयान के बाद बढ़ते विवाद को देखते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि बीजेपी पूरा हिंदू समाज नहीं है। आरएसएस पूरा हिंदू समाज नहीं है। मैंने भाजपा को हिंसक कहा। भाजपा पूरा हिंदू समाज नहीं है।

–आईएएनएस

एकेएस/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More