झमा झम बारिश के बीच ‘बादल’ की विदाई, जानिये कैसे कटा हेमंत पार्ट-2 से बादल पत्रलेख का पत्ता

रांची: करीबन पांच महीनों के बाद, 28 जून को पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने जैसे ही होटवार जेल से बाहर कदम रखा, झारखंड की सियासत में उलटफेर की आहट तेज हो गयी. हेमंत के आगवन को चंपाई की विदाई मानी गयी, तीन जून को जैसे ही पूर्व सीएम हेमंत को विधायक दल का नेता चुना गया. चंपाई सरकार में शामिल मंत्रियों पर तलवार लटक गयी. खास कर कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के अंदर बेचैनी तेज हो गयी. सबकी निगाह हेमंत सोरेन के अगले कदम पर टिक गयी. अंदरखाने मोर्चेबंदी तेज थी, कुर्सी बचाने के टोटके लगाये जा रहे थें.  सामाजिक समीकरणों के बिसात पर अपनी-अपनी सियासी उपयोगिता की दुहाई दी जा रही थी. कोई अपने को पिछड़ी जातियों का चेहरा बता रहा था, तो किसी को अपने चेहरे में अगड़ी जातियों का प्रतिनिधित्व नजर आ रहा था. किसी को अपने चेहरे में अल्पसंख्यक समुदाय का प्रतिनिधित्व नजर आ रहा था. लेकिन इस बात का जवाब किसी के पास नहीं था कि लोकसभा चुनाव में उनके विधान सभा से महागठबंधन के प्रत्याशी  पीछे क्यों छुटे? 

समृद्ध भारत की खबर पर मुहर

दरअसल एक सप्ताह पहले जब चंपाई मंत्रिमंडल के विस्तार की खबर आयी थी, कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने इस बात का संकेत दिया था कि सिर्फ आलमगीर आलम से खाली हुई सीट को ही नहीं भरा जायेगा. वर्तमान मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा भी होगी और यदि जरुरत महसूस हुई तो मंत्रिमंडल के चेहरे में बदलाव भी होगा. तब समृद्ध भारत ने उन परिस्थितियों का जिक्र किया था, जिसके आधार पर इरफान अंसारी, बैधनाथ राम और दीपिका पांडे का मंत्री बनने की संभावना बलवती हो रही थी. साथ ही बादल पत्रलेख पर लटकती तलवार का इशारा किया था. कल मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही समृद्ध भारत के उस आकलन की पुष्टि हो गयी. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह और बैधनाथ राम की मंत्रिमंडल में एंट्री हुई और इसके साथ ही झमाझम बारिश के बीच कृषि मंत्री बादल पत्रलेख की विदाई हो गयी.

भारी पड़ा केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के साथ बंद कमरे की मुलाकात 

मंत्री बादल पत्रलेख की विदाई करीबन-करीबन पक्की मानी जा रही थी, और उसका कारण था, पिछले चार वर्षों का कामकाज, बादल पत्रलेख ना तो बतौर कृषि मंत्री कोई उल्लेखनीय काम कर पायें और ना ही सरकार की उपलब्धियों को जनता तक ले जाने में सफल रहें. मीडिया से भी दूरी बनी रही, और तो और जिस जामताड़ा विधान सभा का वह प्रतिनिधित्व करते हैं, वहां से लगातार कार्यकर्ताओं की शिकायत आती रही. कार्यकर्ताओं का आरोप था कि बादल पत्रलेख का जनसम्पर्क टूट चुका है,  ना तो वह जनता के बीच नजर आते हैं और ना ही कार्यकर्ताओं के साथ मिलना पसंद करते हैं. इस बीच भाजपा के साथ नजदीकियां बढ़ने की खबर भी आने लगी, लोकसभा चुनाव के पहले केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का साथ बंद कमरे में मुलाकात तो अखबारों की सुर्खियां भी बनी थी, और रही सही कसर जरमुंडी विधान सभा से निशिकांत दुबे को मिली लिड ने पूरा कर दिया. जरमुंडी विधान सभा से निशिकांत तो मिली लिड किसी सियासत का हिस्सा था या नहीं, यह तो दावे के साथ नहीं  कहा जा सकता, लेकिन भाजपा के साथ नजदीकियों की खबर से कांग्रेस आलाकमान एलर्ट जरुर था.

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर भी लटक रही थी तलवार
 

हालांकि कुछ यही स्थिति स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की भी थी, पूर्व सीएम रघुवर दास के साथ उनके रिश्ते कांग्रेस आलाकमान की नजर में था. लेकिन इन नजदीकियों के बावजूद बन्ना गुप्ता भाजपा को लगातार निशाने पर लेते रहें, जबकि बादल पत्रलेख ने भाजपा के प्रति बेहद नरम रवैया अपनाया. पिछले कई महीनों से बादल पत्रलेख का सियासी मिजाज बदला नजर आ रहा था. जिस संताल को झामुमो का सबसे मजबूत किला माना जाता है,  बादल पत्रलेख की गतिविधियों के कारण उसी संताल के जामताड़ा में भाजपा की सियासी जमीन मजबूत होती नजर आ रही थी. कांग्रेसी रणनीतिकारों के अंदर यह सवाल गहराने लगा था कि जिस चेहरे को मंत्री पद से नवाजा गया,  जिसके कारण दूसरे विधायकों की नाराजगी भी मोल लेनी पड़ी, वह खुद ही भाजपा के साथ गलबहिंया करता नजर आ रहा है. इस हालत में उस चेहरे को मंत्री बनाये रखने का औचित्य क्या है? और इसके साथ ही झमाझम बारिश के बीच कृषि मंत्री बादल की विदाई पर मुहर लग गयी. यह कांग्रेस के दूसरे विधायकों को भी सबक सिखाने की एक कोशिश है.अब देखना होगा कि बादल पत्रलेख का अगला कदम क्या होता है? यदि विधान सभा चुनाव के पहले संताल में एक और चेहरा भाजपा के साथ खड़ा नजर आये तो यह आश्चर्य की बात नहीं होगी. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More