नोएडा: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

नोएडा, 9 जुलाई (आईएएनएस)। नोएडा पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।

मुठभेड़ में आरोपी घायल भी हो गया। आरोपी उदयवीर मथुरा का रहने वाला है और उसके खिलाफ नोएडा के थाना सेक्टर-39 में मामला दर्ज हुआ था।

पुलिस ने बताया कि 8 जुलाई को थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के अंतर्गत सदरपुर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना के संबंध में शिकायत मिली थी। जिसके बाद मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

वांछित आरोपी उदयवीर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दे रही थी। 9 जुलाई को थाना सेक्टर-39 पुलिस द्वारा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से प्राप्त लोकेशन के आधार पर उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी।

गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी के सेक्टर-42 के जंगल में छुपे होने का पता चला। पुलिस ने कांबिंग की। कांबिंग के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीम आरोपी को ढूंढ रही थी। इसी दौरान 20 साल के उदयवीर की पुलिस संग मुठभेड़ हुई।

पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर पर गोली लग गई जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

–आईएएनएस

पीकेटी/केआर

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More