लखनऊ में अवैध निर्माण किए जाएंगे ध्वस्त, चिन्हित किए गए मकान

लखनऊ, 8 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण को ध्वस्त करने का अभियान जारी है। अकबरनगर के बाद अब दूसरे कई इलाकों में अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की तैयारी हो रही है।

अब रहीम नगर, इंद्रप्रस्थ नगर, खुर्रम नगर और अबरार नगर में भी अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी हो रही है। इसी कड़ी में सोमवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए), जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सर्वे किया।

सर्वे के दौरान टीम ने उन मकानों पर लाल निशान लगाए, जिन्हें गिराया जाना है। सर्वे के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान मौजूद रहे।

बता दें, कुकरैल नदी को संवारने की योजना के तहत सर्वे का काम किया जा रहा है। नदी के दोनों ओर 50 मीटर के दायरे में आने वाले सभी मकानों को तोड़ा जाएगा। इसी कड़ी में सर्वे किया जा रहा है, सर्वे के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी ।

सर्वे से लोगों में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब काॅलोनी का विस्तार हो रहा था, तो अधिकारी मौन थे। यहां रहने वाले लोग पानी, बिजली और हाउस टैक्स अदा कर रहे हैं। इसके बाद भी कई सालों के बाद सरकार अब उनके आशियाने पर बुलडोजर चलाने जा रही है।

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More