जिम्बाब्वे ने भारत को 13 रनों से हराया, चतारा ने किया टीम इंडिया को चित्त

हरारे, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम को जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में करारा झटका लगा है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में हुए इस मैच में जिम्बाब्वे ने भारत को 13 रनों से हरा दिया है। इस मैच में जिम्बाब्वे की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए, इसके जवाब में भारतीय टीम 19.5 ओवर में 102 रन बनाकर आउट हो गई।

मैच में शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारतीय स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन किया। रवि बिश्नोई ने चार ओवर में 13 रन देकर 4 विकेट लिए और वाशिंगटन सुंदर ने चार ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। जिम्बाब्वे की ओर से बल्लेबाजी में ओपनर वेसली मधेवेरे ने 22 गेंदों पर 21, ब्रायन बेनेट ने 15 गेंदों पर 23 रन, डायोन मायर्स ने 22 गेंदों पर 23 रनों की पारी खेली। लेकिन अंत में यह विकेटकीपर क्लाइव मदांदे थे, जिन्होंने अंत तक मोर्चा संभाल कर जिम्बाब्वे का स्कोर 100 के पार किया और 25 गेंदों पर 29 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे। ये पारी मैच के अंत में निर्णायक साबित हुई।

116 रनों के टारगेट के जवाब में भारतीय बल्लेबाजों की शुरुआत काफी खराब रही और अपना पहला मैच खेल रहे अभिषेक शर्मा बगैर खाता खोले ब्रायन बेनेट की गेंद पर आउट हो गए। तीसरे नंबर पर आए उप-कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी 9 गेंदों पर 7 रन बनाकर ब्लेसिंग मुज़ारबानी की गेंद पर इनोसेंट काइया को कैच थमा बैठे। इसके बाद एक और डेब्यूटेंट खिलाड़ी रियान पराग को तेंदई चतारा ने 2 रनों के स्कोर पर चलता कर दिया। चतारा ने उसी ओवर में रिंकू सिंह को बिना खाता खोले बेनेट के हाथों कैच आउट कराकर भारतीय टीम के ऊपरी मध्यक्रम को हिलाकर रख दिया।

इसी बीच एक छोर पर कप्तान शुभमन गिल डटे हुए थे, लेकिन ध्रुव जुरेल के रूप में भारत का तीसरा डेब्यूटेंट खिलाड़ी भी विफल हो गया। ध्रुव को 7 रनों के स्कोर पर ल्यूक जोंग्वे ने आउट कर दिया। इसके बाद जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा की फिरकी का जादू देखने के लिए मिला, जिन्होंने 29 गेंदों पर 31 रन बनाकर खेल रहे शुभमन गिल को बोल्ड करके भारत की सबसे बड़ी उम्मीद ध्वस्त कर दी। रजा ने रवि बिश्नोई को भी 9 रनों के स्कोर पर पगबाधा कर दिया।

इसी बीच आवेश खान और वाशिंगटन सुंदर के बीच एक छोटी साझेदारी देखने के लिए मिली। आवेश ने 12 गेंदों पर 16 रनों की पारी खेली और उनको वेलिंग्टन मसाकाद्जा ने आउट किया। इसके अगले ही ओवर में सिकंदर रजा ने मुकेश कुमार को बगैर खाता खोले आउट कर दिया। वाशिंगटन सुंदर ने अंतिम ओवर तक टिककर भारतीय उम्मीदों को जिंदा रखा था, लेकिन चतारा ने उनको 27 रनों के स्कोर पर आउट करके भारतीय पारी को चित्त कर दिया। सुंदर ने 34 गेंदों पर 27 रनों की पारी खेली।

जिम्बाब्वे की ओर से तेंदई चतारा ने 3.5 ओवर में 1 मेडन फेंकते हुए 16 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। सिकंदर रजा ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए। ब्रायन बेनेट, वेलिंग्टन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी और ल्यूक जोंग्वे ने एक-एक विकेट लिया।

–आईएएनएस

एएस/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More