गुजरात चुनाव में जीत और भाजपा को हराने का राहुल गांधी का दावा, लेकिन नतीजे तो कुछ और कहानी बयां करते हैं

नई दिल्ली, 6 जुलाई (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 99 सीटों पर मिली जीत और राहुल गांधी के द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही कांग्रेस के भीतर यह लगने लगा है कि मानो पार्टी को संजीवनी मिल गई हो। पार्टी के कार्यकर्ता और नेता उत्साहित हैं। राहुल गांधी संसद में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ देखकर यह कह गए थे कि आपको गुजरात में हराएंगे।

अब वह गुजरात की अपनी यात्रा पर हैं तो यहां भी एक बार फिर से पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए इसी तरह का दावा राहुल गांधी ने कर दिया।

राहुल गांधी अब पीएम मोदी के गृह राज्य गुजरात में सक्रिय हो गए हैं। राहुल गांधी ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के क्रम में वह बोल दिया जिसका विरोध अब भाजपा की तरफ से किया जाने लगा है। राहुल ने यहां कहा कि जैसे इंडिया अलायंस ने बीजेपी को अयोध्या में मात दी है वैसे ही पार्टी विधानसभा चुनाव में गुजरात में भाजपा को हराएगी।

राहुल गांधी ने यहां पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे हमें धमकाकर और हमारे कार्यालय को तोड़कर हमें चुनौती दी गई है। उसी तरह हम सब मिलकर यहां भाजपा की सरकार को तोड़ देंगे। जैसे हमने अयोध्या में उन्हें शिकस्त दी है लिखकर रख लीजिए कांग्रेस गुजरात में वैसे ही नरेंद्र मोदी और भाजपा को हराएगी।

बता दें कि ऐसा ही दावा गुजरात विधानसभा चुनाव 2017 के दौरान भी राहुल गांधी ने किया था और कहा था कि यह चुनाव एक तरफा कांग्रेस जीत रही है और उस बार के नतीजे पर गौर करेंगे तो पता चलेगा कि भारतीय जनता पार्टी ने 99 और कांग्रेस ने 77 सीट पर जीत दर्ज की थी जबकि एनसीपी को 1, भारतीय ट्राइबल पार्टी को 2 और 3 निर्दलीय उम्मीदवार को जीत हासिल हुई थी। तब भी कांग्रेस सरकार नहीं बना पाई थी जबकि नरेंद्र मोदी तब केंद्र में प्रधानमंत्री के पद पर आसीन थे।

इसके बाद 2022 के गुजरात विधानसभा के चुनाव में भी राहुल गांधी ने ऐसा ही दावा किया था। उन्होंने तब भी कहा था कि भाजपा को इस बार सत्ता से उतारने का मन यहां की जनता ने बना लिया है। लेकिन उस बार के चुनाव परिणाम ने तो कांग्रेस की नींद ही उड़ा दी। बीजेपी के खाते में 156 सीटें आईं। कांग्रेस को महज 17 सीटों पर संतोष करना पड़ा। वहीं, आम आदमी पार्टी सिर्फ 5 सीटों पर ही सिमट गई। जबकि अन्य के हिस्से में 4 सीटें आईं।

अब गुजरात में विधानसभा का चुनाव 2027 में होना है जिसके लिए राहुल गांधी ने राज्य पर अभी से फोकस करना शुरू कर दिया है और इसी क्रम में गुजरात पहुंचे राहुल गांधी ने एक बार फिर से राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया है। जबकि पुराने आंकड़े तो कुछ और ही तस्वीर पेश कर रहे हैं। राहुल गांधी का हर बार किया गया दावा फेल होता दिखा है।

–आईएएनएस

जीकेटी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More