चंपाई सोरेन में ‘जीतन राम मांझी’ की खोज में नाकाम भाजपा!

रांची: झामुमो के अंदर और समर्थकों के बीच कोल्हान ऑफ टाइगर के रुप में विख्यात चंपाई सोरेन के हाथ से जैसे ही राज्य की सत्ता निकली, पूर्व सीएम हेमंत ने एक बार फिर से सत्ता की बागडोर अपने हाथ में लेने का फैसला किया. लोकसभा चुनाव में आदिवासी बहुल सीटों से सफाये के गम में डूबी भाजपा को कोल्हान में आशा की एक चिंगारी सुलगती नजर आयी. सीता गीता के बाद उसे एक और उम्मीद भरा चेहरा नजर आने लगा. यह आशा बलवती होने लगी कि यदि चंपाई सोरेन के जख्मों को कुरेदा जाय, तो कोल्हान की बंजर (भाजपा के लिए) जमीन पर कमल खिलाया जा सकता है और इसके साथ ही चंपाई सोरेन को लेकर झामुमो से कहीं अधिक  चर्चा भाजपा में होने लगी.छोटा से लेकर बड़ा हर  नेता-प्रवक्ता चंपाई चालीसा का पाठ पढ़ता नजर आया. हर किसी को चंपाई के चेहरे में गम का पहाड़ दिखा, और उस पहाड़ पर कमल खिलाने की ललक दिखी.

चंपाई सोरेन में दिखी थी उम्मीद की किरण

पूरी भाजपा में आशा भरी नजरों से चंपाई सोरेन को देखा जाने लगा, झारखंड में कमल खिलाने की जिम्मेवारी संभाल रहे हिमंत विस्व सरमा ने चंपाई सोरेन का एक गमगीन तस्वीर सोशल मीडिया पर परोसते हुए लिखा “मुख्यमंत्री के पद से गरिमा के साथ एक विदाई। श्री @ChampaiSoren जी, आपको मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ। साफ है कि यह शुभकामना नहीं होकर जख्म को सहलाने की कोशिश थी, लेकिन लगता है कि इस ऑप्रेशन चंपाई में खुद भाजपा ही कन्फ्यूज थी, रणनीतिकारों को यह समझ ही नहीं आ रहा था कि पतंग की बागडोर किसके थामनी है, और पलिता किसे काटना है.एक तरफ हिमंता शुभकामना-शुभकामना का खेल खेलकर जख्म को हरा करने की कोशिश कर रहे थें, वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल कोल्हान ऑफ टाइगर को चूहा बताकर भगवा प्लान में पलिता लगाते दिख रहे थें. कोल्हान ऑफ टाइगर को चूहा बता रहे थें. अब भला कोई चूहा कमल कैसे खिला सकता है?

चूहा से कमल खिलाने की उम्मीद

तो क्या बाबूलाल का यह संदेश उस हिमंता विस्व सरमा के लिए था, जिनके कंधों पर बाबूलाल का बोझ कम करते हुए इस बार कमल खिलाने की जिम्मेवारी सौंपी गयी है. जिनके पास ऑपरेशन लोटस चलाने का शानदार अनुभव है. कई राज्य सरकारें इस ऑपरेशन लोटस में जमींदोज हो चुकी है. जिनका नाम कोलकत्ता कैश कांड में भी सुर्खियों में आया था, तो क्या बाबूलाल हिमंता विस्व सरमा को यह समझाने की कोशिश कर रहे थें कि जिसे आप कोल्हान ऑफ टाइगर समझने की भूल कर रहे हैं, दरअसल वह तो एक चूहा है. बहुत संभव है कि जिस तरीके के हिमंता विस्व सरमा के द्वारा चंपाई सोरेन को भगवा पट्टा पहनाने का प्लान तैयार किया जा रहा था, उससे बाबूलाल की नींद उड़ी हो?  बाबूलाल को अपना सियासी भविष्य मंझधार में फंसी नजर आने लगी हो, लोकसभा चुनाव में आदिवासी बहुल सीटों से सफाये के बाद पहले ही पार्टी के अंदर आदिवासी समाज के बीच उनके चेहरे को लेक सवाल खड़ा हो रहा है. अर्जून मुंडा और आशा लकड़ा के कारण धकधकी बढ़ी हुई है, उधर से यदि कोल्हान ऑफ टाइगर की एंट्री हुई तो फिर उस सपने का क्या होगा, जिस आशा के साथ कुतुबमीनार से कूदने के उद्धोष के बावजूद 14 वर्षों का वनवास खत्म करते हुए भाजपा में वापसी हुई है? तो क्या वाकई कोल्हान ऑफ टाइगर को चूहा बता कर बाबूलाल अपना सियासी भविष्य को संवारने का दांव खेल रहे थें, क्या निशाने पर हेमंत सोरेन के बजाय खुद हिमंता विस्व सरमा थें.

बैगर जख्म देखे, दवाई का ओवरडोज

हालांकि इस बीच किसी ने भी यह समझने की कोशिश नहीं की, जिस गमगीन चेहरे में जख्म की उम्मीद पाली जा रही है. दरअसल वहां जख्म है या भी नहीं, और बगैर जख्म देखे, धका-धक दवाओ का ओवरडोज दिया जाने लगा, सुईयां पिरोई जाने लगी, रंग-बिरंगी गोली दी जाने लगी. स्थिति कुछ-कुछ यही बनती नजर आ रही है. सियासी गलियारों में तैरती नाराजगी की तमाम खबरों को खारिज करते हुए चंपाई सोरेन ने साफ किया है कि किसी का पद पर रहना और हटना व्यक्तिगत विषय नहीं है, हर फैसले के पीछे पार्टी और संगठन का दूरगामी सोच और रणनीति होती है. जब हमारी ताजपोशी की गई तब भी एक विशेष परिस्थिति और एक विशेष रणनीति थी, और अब जब फिर से हेमंत सोरेन के हाथ में सत्ता की बागडोर सौंपी जा रही है, तो भी एक विशेष रणनीति और सियासी परिस्थिति है. इसके बाद पार्टी और संगठन की ओर से जो भी अगली जिम्मेवारी सौंपगी, उसका निर्वाह करुंगा, अपने पांच महीने के कार्यकाल में कई बेहतरीन फैसला किया, नयी रणनीति बनाई और आज उसका असर देखने को मिल रहा है. यह आत्म संतोष का विषय है.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More